Meerut: सीएम योगी के कार्यक्रम में आसमान में उड़ता दिखा ड्रोन, मचा हड़कंप; पुलिस ने ऑपरेटर को पकड़ा

Meerut News: मेरठ में सीएम योगी आदित्यनाथ के कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ता दिखा। पुलिस ने ऑपरेटर को पकड़कर ड्रोन और फुटेज कब्जे में ले ली।

Update:2026-08-08 15:49 IST

Meerut News

Meerut News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान शनिवार को उस वक्त सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया, जब मंच के सामने आसमान में एक ड्रोन काफी देर तक उड़ता दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की इजाजत नहीं थी। ड्रोन नजर आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और उसके ऑपरेटर की तलाश शुरू कर दी गई। बाद में पुलिस ने ड्रोन उड़ाने वाले युवक को पकड़ लिया और ड्रोन को कब्जे में ले लिया।

ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने कार्यक्रम स्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी बीच माइक से घोषणा कराई गई कि जिस व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाया है, वह तत्काल उसे नीचे उतार ले। कुछ देर बाद ड्रोन नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर ऑपरेटर को पकड़ लिया।

सरकारी ड्रोन को थी अनुमति, दूसरा बिना परमिशन उड़ रहा था

एसएसपी अविनाश पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान दो ड्रोन उड़ते दिखाई दिए थे। इनमें एक सरकारी ड्रोन था, जिसे पूर्व अनुमति के आधार पर उड़ाया जा रहा था। दूसरा ड्रोन बिना अनुमति के उड़ रहा था। सिटी की स्वाट टीम ने तत्काल दूसरे ड्रोन की पहचान कर उसके ऑपरेटर को पकड़ लिया।एसएसपी के मुताबिक, पकड़ा गया युवक मेडिकल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि ब्लॉगिंग उसका शौक है और वह कांवड़ यात्रा को कवर कर रहा था। वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को भी कवर करना चाहता था।

'नियमों की जानकारी नहीं थी'

पुलिस के अनुसार, युवक से जब ड्रोन उड़ाने के नियमों के बारे में पूछा गया तो उसने नियमों की जानकारी नहीं होने की बात कही। पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेने के साथ उसकी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। ड्रोन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।एसएसपी ने बताया कि ड्रोन नियमों के तहत युवक के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है। पूरी जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा में जरा भी चूक नहीं चाहता था पुलिस-प्रशासन

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ऐसे में बिना अनुमति ड्रोन उड़ता दिखाई देने के बाद सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता बढ़ गई। पुलिस ने तत्काल ड्रोन की दिशा और उसके ऑपरेटर का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ ही देर में ऑपरेटर की पहचान कर उसे पकड़ लिया गया।

Tags:    

Similar News