Meerut News: फूलों की बारिश में नहाए शिवभक्त, बोले- योगी ने फूल नहीं, हमारी आस्था पर बरसाया सम्मान
Meerut News: मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश के बीच शिवभक्तों ने इसे अपनी आस्था और भक्ति के सम्मान का क्षण बताया।
Meerut News
Meerut News: तपती सड़क, पैरों में छाले और सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा की थकान... लेकिन शनिवार को मेरठ की धरती पर आसमान से बरसे फूलों ने शिवभक्तों के चेहरों की थकान को उत्साह में बदल दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तो पूरा कांवड़ मार्ग ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। हेलिकॉप्टर से लगातार होती पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ियों ने हाथ उठाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और इसे जीवनभर याद रहने वाला क्षण बताया।पुष्पवर्षा शुरू होते ही कांवड़ मार्ग पर अलग ही नजारा देखने को मिला। सड़क पर चल रहे शिवभक्तों ने अपने हाथ ऊपर उठा दिए। कोई फूलों को माथे से लगाने लगा तो कोई मोबाइल में इस पल को कैद करने लगा। कुछ कांवड़ियों ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। कुछ ही देर में थकान से बोझिल चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ दिखाई देने लगा।
‘फूल नहीं, हमारी आस्था पर बरसा सम्मान’
हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का खुद कांवड़ियों के बीच आकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा, ‘योगी जी ने हम पर सिर्फ फूल नहीं बरसाए, हमारी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान किया है। यह पल जिंदगीभर याद रहेगा।’दिल्ली निवासी रोहित ने कहा कि कई दिनों से पैदल चलने के कारण शरीर थक गया था। गर्मी और भीड़ के बीच यात्रा आसान नहीं है, लेकिन हेलिकॉप्टर से फूल बरसते देख और सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर जैसे सारी थकान गायब हो गई। उन्होंने कहा, ‘बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन मेरठ में योगी जी ने जिस तरह स्वागत किया, वह हमारे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।’
व्यवस्थाओं ने भी जीता शिवभक्तों का दिल
गाजियाबाद के मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे साफ है कि सरकार शिवभक्तों की यात्रा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा, ‘हम कांवड़िए सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने फूल बरसाकर हमें यह एहसास कराया कि हम भगवान शिव के भक्त और सरकार के अतिथि हैं।’दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि वह घर लौटने के बाद मेरठ में हुए स्वागत की कहानी जरूर सुनाएंगे। उनके मुताबिक, गंगाजल के साथ वह मेरठ की इस याद को भी अपने साथ लेकर जाएंगे।
‘ऐसा लगा जैसे भोलेनाथ का आशीर्वाद मिला’
बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया। मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है।हापुड़ से आईं विजया और जयंती भी पुष्पवर्षा के दौरान भावुक नजर आईं। दोनों ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने महिला कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि मेरठ में मिला स्वागत उनकी यादों में हमेशा बना रहेगा।पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में नई ऊर्जा दिखाई दी। फूलों से सजे मार्ग पर कोई तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ा तो कोई भगवा ध्वज के साथ ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करता रहा। आसमान से बरसते फूल और सड़क पर गूंजते जयकारों ने कांवड़ यात्रा के इस पड़ाव को यादगार बना दिया।
एक रात पहले ही रुक गए दूसरे राज्यों के कांवड़िए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना मिलते ही दूसरे राज्यों से आए कई कांवड़िए शुक्रवार रात से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास बने शिविरों में रुक गए थे। उनकी उत्सुकता का आलम यह था कि हर कोई मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को आतुर था। जैसे ही योगी मंच पर पहुंचे, कांवड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 20 मिनट तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। मंच पर मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जबकि हेलिकॉप्टर से भी कांवड़ मार्ग पर लगातार फूल बरसाए जाते रहे।
योगी को देखते ही बदल गए डीजे के गाने
कांवड़ मार्ग से बड़ी संख्या में डीजे वाली बड़ी कांवड़ गुजर रही थीं। जैसे ही कोई बड़ी कांवड़ मंच के सामने पहुंचती, मुख्यमंत्री को देखकर शिवभक्तों का उत्साह बढ़ जाता। कई डीजे पर बज रहे गानों की धुन भी बदल गई। ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ जैसे गीतों के साथ ‘डीजे बजवा दिए योगी’ जैसे गाने भी सुनाई दिए।पुष्पवर्षा के दौरान नेशनल हाईवे के दोनों ओर हजारों शिवभक्त मौजूद थे। एक ओर यातायात चलता रहा तो दूसरी ओर कांवड़िए मंच के सामने से गुजरते रहे। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कांवड़ियों के भेष में तैनात रहे। उन्होंने भीड़ के बीच यातायात को व्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इशारा मिला तो झूमते हुए आगे बढ़े कांवड़िए
मंच के सामने से गुजरने वाला हर कांवड़िया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जी भरकर देखना चाहता था। बड़ी कांवड़ के साथ आने वाले शिवभक्तों का उत्साह भी देखते ही बनता था। यातायात बाधित न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री स्वयं भी कांवड़ियों की भावनाओं को समझते हुए उनका उत्साह बढ़ाते और आगे बढ़ने का इशारा करते रहे। मुख्यमंत्री का इशारा मिलते ही कांवड़िए झूमते हुए आगे बढ़ जाते।
योगी ने निभाया ‘गठबंधन धर्म’
पुष्पवर्षा के दौरान भाजपा के साथ एनडीए के घटक दलों के जनप्रतिनिधि भी मंच पर मौजूद रहे। बारी-बारी से सत्तारूढ़ गठबंधन के जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इसी दौरान मुख्यमंत्री की नजर रालोद के बिजनौर सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने दोनों सांसदों को अपने पास बुलाया और साथ में पुष्पवर्षा कराई।