Meerut News: डिलीवरी में देरी पर भड़का युवक, डिलीवरी बॉय से मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ के भावनपुर में ऑनलाइन सामान की डिलीवरी में देरी को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
डिलीवरी में देरी पर भड़का युवक, डिलीवरी बॉय से मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Meerut News: ऑनलाइन सामान की डिलीवरी में हुई देरी एक युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने डिलीवरी बॉय से विवाद करने के बाद उसके साथ मारपीट कर दी। मामला भावनपुर थाना क्षेत्र की गंगासागर कॉलोनी का है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गंगा हाइट, गंगासागर निवासी यमन (34) ने शुक्रवार को ऑनलाइन सामान की डिलीवरी करने पहुंचे अमित से डिलीवरी में देरी को लेकर विवाद किया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया और यमन ने अमित के साथ मारपीट कर दी।
मुकदमा दर्ज
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इस दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का भी प्रयास किया। घटना के बाद डिलीवरी बॉय अमित ने भावनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शनिवार को तहरीर के आधार पर यमन के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 352, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी बीएनएसएस की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत की गई है। उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी यमन मेरठ का रहने वाला है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकित कुमार और कांस्टेबल 1613 पीयूष गिरी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन डिलीवरी को लेकर हुए विवाद में मारपीट की घटना के बाद शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।