Meerut News: खड़गे की सभा मंच के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का हमला, भाजपा-आरएसएस पर लगाए गंभीर आरोप

Meerut News: खड़गे की सभा के मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने भाजपा-आरएसएस पर हमला बोला और ऐसी राजनीति को देश बांटने वाली बताया।

Update:2026-08-14 17:55 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: संगठन सृजन अभियान के बहाने मेरठ कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तो बनाई ही, हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा-आरएसएस पर भी जोरदार हमला बोला। शुक्रवार को सदर स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स में हुई बैठक में कांग्रेस ने इस घटना को सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग तक कर डाली।

बूथ तक संगठन, कार्यकर्ता तक संवाद

एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री रिहाना रियाज चिश्ती ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मकसद कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करना और हर कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संवाद रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनके मुद्दे उठाने और आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक विशाल वशिष्ठ और पवन दीक्षित भी मौजूद रहे।

'मंच शुद्धिकरण' पर कांग्रेस का तीखा हमला

रिहाना चिश्ती ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा के मंच को भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से शुद्ध किया। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति समाज में विभाजन पैदा करती है और देश की लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष परंपराओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे भाजपा-आरएसएस की 'संकीर्ण मानसिकता' बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी विभाजनकारी राजनीति का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

प्रस्ताव पास, पीएम-गृह मंत्री से इस्तीफा मांगा

बैठक में हल्द्वानी की घटना के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस के मुताबिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने बैठक का संचालन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। बैठक में पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुजर्र, नसीम कुरैशी, विक्रांत त्यागी, सैयद सलीमुद्दीन शाह, मनजीत सिंह कोछड़, चौधरी यशपाल सिंह, ठाकुर तेजवीर सिंह, राज केसरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News