Meerut News: नमो भारत में परिवार से बिछड़ा 10 साल का बच्चा, आनंद विहार पहुंचकर माता-पिता से मिला

Meerut News: नमो भारत ट्रेन में परिवार से बिछड़े 10 वर्षीय बच्चे को साहिबाबाद स्टेशन पर सुरक्षित बरामद कर आनंद विहार में माता-पिता से मिलाया गया।

Update:2026-08-11 18:05 IST

Meerut News

Meerut News: नमो भारत में सफर के दौरान परिवार से बिछड़े 10 साल के बच्चे को एनसीआरटीसी की सतर्क टीम ने सुरक्षित उसके माता-पिता से मिला दिया। मुरादनगर से आनंद विहार जा रहा बच्चा सफर के दौरान परिवार से अलग हो गया था। साहिबाबाद स्टेशन पर कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ी तो तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद साहिबाबाद से आनंद विहार तक टीमों ने समन्वय बनाकर बच्चे को उसके परिवार तक पहुंचाया।बच्चे को साहिबाबाद स्टेशन पर दिल्ली की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म पर अकेले देखा गया। स्टेशन कर्मियों ने तुरंत ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) को जानकारी दी। वहां से पता चला कि बच्चे के माता-पिता आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर उसकी तलाश कर रहे हैं।

एक फोन ने जोड़ दिए बच्चे और परिवार के बीच तार

इसके बाद साहिबाबाद और आनंद विहार स्टेशन की टीमें सक्रिय हो गईं। बच्चे को स्टेशन स्टाफ ने अपनी निगरानी में रखा और दोनों स्टेशनों की टीमें लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहीं। बच्चे को सुरक्षित आनंद विहार स्टेशन पहुंचाया गया, जहां दिल्ली पुलिस ने आवश्यक जांच और पहचान की पुष्टि करने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया।

सराय काले खां में भी दिखाई थी ऐसी ही सतर्कता

एनसीआरटीसी टीम की यह सतर्कता हाल की दूसरी घटना के कुछ ही दिन बाद सामने आई है। सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर स्टेशन कर्मियों ने एक छोटे बच्चे को एक महिला के साथ यात्रा करते देखा था। महिला खुद को बच्चे की मां बता रही थी, लेकिन बच्चे ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया था।मामला संदिग्ध लगने पर स्टेशन कंट्रोलर ने तत्काल सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद बच्चे को उसके परिवार से सुरक्षित मिलाया गया।

कैमरों की नजर, कंट्रोल रूम से हर स्टेशन पर नजर

एनसीआरटीसी के मुताबिक नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाती है। लाइव फुटेज स्टेशन कंट्रोल रूम और दुहाई स्थित सुरक्षा नियंत्रण केंद्र में उपलब्ध रहती है। ओसीसी, स्टेशन टीमों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तत्काल सूचना साझा होने से किसी भी आकस्मिक स्थिति में तेजी से कार्रवाई की जा सकती है।एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सतर्कता और विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय ऐसे मामलों में यात्रियों को समय पर मदद उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Tags:    

Similar News