Meerut News: मेरठ में कांवड़ियों पर फूलों की बारिश, बोले- योगी जी ने फूल नहीं सम्मान बरसाया

Meerut News: मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। हेलिकॉप्टर से फूल बरसने पर शिवभक्तों में उत्साह बढ़ा और उन्होंने इसे आस्था का सम्मान बताया।

Update:2026-08-08 21:28 IST

Meerut News (Image Credit-Social Media)

मेरठ, 8 अगस्त। तपती सड़कों पर सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा, पैरों में छाले और उमस-गर्मी के बीच भगवान शिव की भक्ति में आगे बढ़ रहे कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन खास बन गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। हेलिकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। फूलों की बारिश के बीच पूरा कांवड़ मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री के स्वागत से शिवभक्तों में खासा उत्साह नजर आया। किसी ने हाथ जोड़कर सीएम योगी का अभिवादन किया तो किसी ने जयघोष करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री के इस स्वागत को अपनी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान बताया।

‘योगी जी ने फूल नहीं, हमारी आस्था का सम्मान किया’

हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि योगी जी ने केवल फूल नहीं बरसाए, बल्कि उनकी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान किया है। राहुल के मुताबिक मेरठ में मिला यह सम्मान उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।

दिल्ली निवासी रोहित ने बताया कि कई दिनों तक पैदल चलने के कारण शरीर काफी थक गया था। उमस, गर्मी और भीड़ के बीच यात्रा करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जब हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश हुई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सामने दिखाई दिए तो मानो सारी थकान दूर हो गई।

कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं ने भी जीता शिवभक्तों का दिल

गाजियाबाद के कांवड़िए मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे सरकार की गंभीरता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग का जायजा लेने के साथ मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर यह संदेश दिया है कि कांवड़िए सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं।

दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि मेरठ में हुए इस स्वागत की याद वह अपने घर तक लेकर जाएंगे। वहीं, बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया।

हापुड़ से आईं शिवभक्त विजया और जयंती ने भी पुष्पवर्षा को सुखद अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ इस तरह का सम्मान मिलना बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में दिखा जोश

मुख्यमंत्री के स्वागत और पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में नई ऊर्जा नजर आई। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। कई कांवड़ियों के हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज भी नजर आया।

कांवड़ियों का कहना था कि मुख्यमंत्री के सम्मान से उन्हें नई ऊर्जा मिली है और अब वे और उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, जहां भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करेंगे।

सीएम के आने की खबर पर रात से रुके कांवड़िए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना मिलने के बाद कई राज्यों से आए कांवड़िए शुक्रवार रात से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास बने शिविरों में रुक गए थे। शिवभक्त मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। जैसे ही योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे, कांवड़ियों का उत्साह और बढ़ गया।

करीब 20 मिनट तक हुई पुष्पवर्षा

कांवड़ियों के स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 20 मिनट तक लगातार पुष्पवर्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी मंच पर मौजूद रहे। वहीं, एक हेलिकॉप्टर से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने कांवड़ मार्ग पर पुष्पवर्षा की।

कांवड़ियों के डीजे पर गूंजे धार्मिक गीत

मेरठ के कांवड़ मार्ग से बड़ी संख्या में डीजे वाली कांवड़ें भी गुजर रही थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंच पर देखकर कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। इस दौरान कई कांवड़ों के डीजे पर धार्मिक गीतों के साथ अन्य लोकप्रिय गीत भी बजते सुनाई दिए और शिवभक्त झूमते हुए आगे बढ़ते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात

पुष्पवर्षा के दौरान नेशनल हाईवे के दोनों ओर बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। एक ओर यातायात संचालित किया जा रहा था, जबकि दूसरी ओर कांवड़िए मुख्यमंत्री के मंच के सामने से गुजर रहे थे। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात किए गए थे।

कांवड़ियों को रुकने से रोकते रहे सीएम योगी

मुख्यमंत्री के सामने से गुजरने वाला लगभग हर कांवड़ यात्री कुछ देर रुककर उनका अभिवादन करना चाहता था। बड़ी कांवड़ें भी मंच के सामने से गुजर रही थीं। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री स्वयं शिवभक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनका उत्साह बढ़ाते और आगे बढ़ने का इशारा करते रहे। कांवड़िए भी हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे।

एनडीए के सहयोगी दलों के सांसदों के साथ की पुष्पवर्षा

पुष्पवर्षा कार्यक्रम में भाजपा के साथ एनडीए के सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रालोद के बिजनौर सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान को भी अपने पास बुलाकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा में शामिल किया।

मेरठ में मुख्यमंत्री के स्वागत और पुष्पवर्षा का यह दृश्य कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए यादगार बन गया। जयघोष और फूलों की बारिश के बीच कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

Tags:    

Similar News