Meerut News: रालोद खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी का भव्य स्वागत, खिलाड़ियों पर फोकस

Meerut News: मेरठ में रालोद खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी का भव्य स्वागत, ग्रामीण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लिया संकल्प।

Update:2026-07-05 20:34 IST

Meerut News

Meerut News:  वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल ने खेल और युवाओं के मुद्दों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को मेरठ पहुंचीं रालोद (खेल प्रकोष्ठ) की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कविता देवी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह के साथ आयोजित मीडिया संवाद में खिलाड़ियों के हित, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा।

राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता दोहरे ने कविता देवी को माला पहनाकर, पटका ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं रालोद (खेल प्रकोष्ठ) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

मीडिया से बातचीत में कविता देवी ने कहा कि देश की असली खेल प्रतिभाएं गांवों और कस्बों में हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का लक्ष्य ऐसी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मजबूत खेल व्यवस्था तैयार करना है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह द्वारा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपीलैड्स) का 100 प्रतिशत हिस्सा खेल अवसंरचना के विकास के लिए समर्पित करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य में निवेश का संकल्प है। इससे खेल मैदानों, प्रशिक्षण सुविधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल खेलों को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम मानता है। पार्टी खिलाड़ियों के सम्मान, खेल सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दिलाने के लिए निरंतर अभियान चलाती रहेगी।इस अवसर पर संगीता दोहरे, नरेंद्र खजूरी, दीपक तोमर, संजय पनवाड़ी, अभिमन्यु ललसाना, ज्योति शर्मा, आर्यन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News