Meerut News: स्कूलों में गूंजेगा 'नमामि गंगे' का संदेश, अब हर छात्र बनेगा नदी संरक्षण का प्रहरी
Meerut News: मेरठ में नमामि गंगे अभियान के तहत स्कूलों में गंगा क्लब बनेंगे। छात्र जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे।
स्कूलों में गूंजेगा 'नमामि गंगे' का संदेश, अब हर छात्र बनेगा नदी संरक्षण का प्रहरी (Photo- Social Media)
Meerut News: गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में मेरठ में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। अब स्कूली छात्र-छात्राएं केवल पाठ्यपुस्तकों में ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से भी जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के गुर सीखेंगे। नमामि गंगे अभियान के तहत जिले के स्कूलों में 'गंगा क्लब' गठित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत सोमवार को लोहियानगर स्थित सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल से होगी।
क्लबों में विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन, वन विभाग और जिला गंगा समिति की ओर से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को गंगा, उसकी सहायक नदियों और जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना है। ईको क्लब की तर्ज पर बनने वाले इन क्लबों में विद्यार्थियों को नदी संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कक्षा आठ से 12 तक के विद्यार्थियों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और गंगा से जुड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे जल प्रदूषण और उसके समाधान को करीब से समझ सकें। वहीं सभी कक्षाओं के बच्चों को गंगा कथा के माध्यम से गंगा के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराया जाएगा।
अभियान के तहत वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए गंगा क्विज, मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता, प्रोजेक्ट वर्क, टॉक शो और स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। छोटे बच्चों के लिए चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के जरिए नदी संरक्षण का संदेश रोचक तरीके से दिया जाएगा।
बच्चों का नदियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना
विद्यालयों में खेलकूद और अन्य सहगामी गतिविधियों के दौरान छात्र समूहों के नाम अलकनंदा, भागीरथी और मंदाकिनी जैसी नदियों के नाम पर रखे जाएंगे, जिससे बच्चों का नदियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत हो सके।
जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) के परियोजना अधिकारी के अनुसार, अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिला वन अधिकारी की उपस्थिति में होगा। इसके बाद जिले के अन्य विद्यालयों में भी चरणबद्ध ढंग से गंगा क्लब स्थापित किए जाएंगे।
सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य मनीषा जैन ने कहा कि गंगा क्लब विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से व्यवहारिक रूप से जोड़ने का प्रभावी माध्यम साबित होगा। इससे बच्चों में जल संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी तथा वे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के सच्चे प्रहरी बन सकेंगे।