Meerut News: मानसून से पहले कंकरखेड़ा बिजलीघर पहुंचे एमडी, भोला फीडर की खामी पर अधिकारियों को फटकार
Meerut News: मेरठ के कंकरखेड़ा 33/11 केवी बिजलीघर का औचक निरीक्षण करते हुए पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता ने मानसून से पहले बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। भोला फीडर में तकनीकी खामी मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
Meerut News
Meerut News: मानसून के दौरान बिजली आपूर्ति को बेपटरी होने से बचाने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को कंकरखेड़ा स्थित 33/11 केवी बिजलीघर का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों की तैयारियों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जहां अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं भोला फीडर में तकनीकी खामी सामने आने पर अधिकारियों को तत्काल उसे दूर करने के सख्त निर्देश दिए गए।
एमडी ने बिजलीघर में स्थापित ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर और अन्य विद्युत उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी सुरक्षा और तकनीकी इंतजाम पहले से ही दुरुस्त रखे जाएं, ताकि आपात स्थिति में भी बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो।निरीक्षण के दौरान हाल ही में लगाए गए नए पावर ट्रांसफॉर्मर के कार्य की गुणवत्ता पर भी संतोष जताया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रांसफॉर्मर के चालू होने से कंकरखेड़ा और आसपास के इलाकों में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या काफी हद तक दूर होगी। इससे हजारों घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को स्थिर और बेहतर गुणवत्ता की बिजली मिलने की उम्मीद है।एमडी ने भोला फीडर की सुरक्षा प्रणाली की जांच के दौरान मिली तकनीकी कमी को गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी तकनीकी खामियां भी बरसात के मौसम में बड़े फॉल्ट और बार-बार ट्रिपिंग का कारण बन सकती हैं, इसलिए किसी भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान लाइनमैनों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। आईआईटी कानपुर द्वारा विकसित ब्रेकर गार्ड सिस्टम की समीक्षा की गई और ओटीपी आधारित शटडाउन सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका न्यूनतम रहे।प्रबंध निदेशक ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित बिजली उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून को देखते हुए सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर बिजली आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र, मुख्य अभियंता मेरठ जोन प्रथम आर.के. मिश्र, अधिशासी अभियंता प्रशांत सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।