Pilibhit News: पीलीभीत बोर्ड बैठक में जनहित के कई प्रस्तावों पर मुहर लगी
Pilibhit News: पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में साफ-सफाई, ट्री गार्ड और शीतल जल प्याऊ समेत कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली।
पीलीभीत बोर्ड बैठक में जनहित के कई प्रस्तावों पर मुहर लगी (Photo- Newstrack)
Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद की नगर पालिका परिषद पीलीभीत की पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय में बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार भी मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बैठक में नगर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, पथ प्रकाश व्यवस्था, कर वसूली एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान पूर्व में कार्यों में त्रुटियां पाए जाने पर ब्लैक लिस्ट की गई चार फर्मों के मामले पर भी चर्चा हुई। संबंधित फर्मों द्वारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगे जाने पर बहुमत में सभासदों ने मानवता के आधार पर उन्हें माफ करके राहत देने का निर्णय लिया।
शहर को अधिक हरित एवं सुंदर बनाने की दिशा में होगी बड़ी पहल
पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने शहर को अधिक हरित एवं सुंदर बनाने की दिशा में पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने के प्रस्ताव को महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी स्वीकृति पर खुशी जताई। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर शीतल जल प्याऊ लगाए जाने पर भी सहमति बनी, जिससे राहगीरों एवं आम नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, राशिद हुसैन, शैलेंद्र कौर, इक़बाल हजरत, अनस अंसारी, निज़ाक़त अली कादरी, जाहिदा बी, प्रतीक अग्रवाल, जगन्नाथ लोधी, राजेन्द्र भारती, शिवम श्रीवास्तव, चैतन्य गंगवार, रत्ना शुक्ला, पुष्पा उपाध्याय, सुरेश लोधी, एहतिशाम वली खां सहित अन्य सभासद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।