Raebareli News: रायबरेली में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 9 माह का बच्चा बरामद
Raebareli News: रायबरेली पुलिस ने अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया। 4 महिलाओं सहित 9 आरोपी गिरफ्तार, 9 माह का बच्चा सुरक्षित बरामद।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: रायबरेली पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील और बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी और तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 4 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही गिरोह के चंगुल से 9 माह के एक मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।
ट्रेन में हुआ था मासूम का अपहरण
यह पूरा मामला तब सामने आया जब मध्य प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने रायबरेली के थाना कोतवाली नगर में अपने 9 माह के बच्चे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता महिला दिल्ली से अपने मायके जा रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन में उसकी मुलाकात एक महिला और पुरुष से हुई, जिन्होंने बातचीत के दौरान उसका भरोसा जीत लिया। आरोप है कि उन्होंने बच्चे को खिलाने के बहाने अपनी गोद में ले लिया और जैसे ही ट्रेन रायबरेली स्टेशन पर रुकी, मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला पूरा नेटवर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से अपहृत बच्चा सुरक्षित बरामद हुआ, जबकि वारदात में प्रयुक्त एक कार को भी सीज कर दिया गया।
अस्पताल और नेटवर्क के जरिए चलता था गिरोह
पुलिस पूछताछ में इस गिरोह को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। यह लोग अस्पतालों और आशा कार्यकर्ताओं के नेटवर्क के जरिए ऐसे निसंतान दंपत्तियों की जानकारी जुटाते थे जो बच्चा गोद लेना चाहते थे। इसके बाद रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बच्चों को निशाना बनाया जाता था। अपहृत बच्चों को बाद में लाखों रुपये में निसंतान दंपत्तियों को बेच दिया जाता था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और पहले से बेचे गए बच्चों के संबंध में भी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी का बयान
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि यह एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह था, जिसमें 4 महिलाओं समेत 9 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। मध्य प्रदेश की महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद किया गया है। गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है।