Raebareli News: डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की,समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Raebareli News: रायबरेली में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Update:2026-06-15 20:07 IST

Raebareli News

Raebareli News: जनपद में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), शिक्षा, स्वास्थ्य, भवन तथा पर्यटन विभाग से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।विद्यालयों एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्माणाधीन भवनों और उच्चीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के समय पर पूर्ण होने से जिले के लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

साथ ही जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में सीएमआईएस (CMIS) के अंतर्गत संचालित प्रमुख परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि यह शासन स्तर पर परियोजनाओं की निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारी पूरी तरह सटीक और अद्यतन होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, उनमें तत्काल तेजी लाई जाए। कार्यों में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News