बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े आश्रम में बोला धावा, 3 घंटे की लूटपाट

Update: 2016-01-29 09:32 GMT

सहारनपुर: गुरुवार की दोपहर आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने एक आश्रम पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने करीब तीन घंटे तक जमकर तांडव किया। आश्रम में मौजूद महंत एवं सेवाकर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रूपए की नकदी, सोने चांदी के आभूषण,8 मोबाईल, एक लैपटॉप समेत कई अन्य कीमती सामान लूट लिए। दिल दहलाने वाली इस वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

बदमाशों ने इस अलमारी का तोड़ा ताला (बाएं) मौके पर छानबीन करता डॉग स्क्वायड (दाएं)

बदमाशों ने मुख्य ​मंदिर में लगे चांदी के एक छत्र को भी नही बक्शा। उसे भी तोड़कर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना पर करीब आधा घंटा बाद जड़ौदापांड़ा पुलिस पहुंची। सीओ देवबंद समेत डॉग स्क्वॉयड एंव फिंगर प्रिंट की टीमों ने मौके से फिंगर प्रिंट लेकर घटना के पहलुओं पर बारीकी के साथ जांच शुरू कर दी है।

इसी कमरे में बदमाशों ने आश्रमकर्मियों को बंधक बनाया था।

बदमाशों ने ऐसे दिया घटना को अंजाम

करीब आठ नकाबपोश सशस्त्र बदमाश शेरपुर स्थित निजानन्द आश्रम की उत्तर दिशा मे बनी दीवार को फांदकर अन्दर घुसे। उन्होंने आश्रम में मौजूद सेवादार एवं आश्रमकर्मियों को बंधक बना लिया। सबसे पहले बदमाशों ने गौशाला मे मौजूद मोनू नामक कर्मी को उठाया। शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट करते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद अज्ञात बदमाश उसे अपने साथ लेकर आश्रम के महंत की पौत्र वधू प्रेमवती उर्फ भूरिया के पास पहुंचे। वहां पर गहरी नींद मे शो रहे मनोज, नरेश,सागर सिंधु, मोनू सहित करीब सात अन्य सेवादारों को बदमाशों ने हथियारों के बल पर उनके मुहं व हाथ बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया।

लूट के बाद उलटा हुआ 'सेवापात्र'।

इसी बीच आश्रम के महाराज की पौत्र वधू के कमरे से एक बदमाश ने चार सोने की चूड़ियां एक जोड़ी कुन्डल, एक जोड़ी टोप्स करीब 40 हजार रूपए की नकदी लूट की उसके बाद बदमाशों ने आश्रम मे रखे अलग अलग स्थानों पर रखे करीब दस दान पात्रों के तालों को तोड़े और उनमें रखी लाखों रूपए की नगदी पर हाथ साफ किया। बेखौफ बदमाशों का कहर यहीं नहीं रूका इसके बाद बदमाश बंधक बनाए गए आश्रम के रसोईयां नरेश कुमार के साथ आश्रम के महन्त स्वामी सागर सिन्धु महाराज के आवास पहुंचे।

हथियारों के बल पर आवास का दरवाजा खुलवाकर बदमाशों ने महंत को भी बंधक बनाने की धमकी दी। हथियारों के बल पर उनके आवास मे रखी करीब चार लाख रूपए की नगदी एवं एक लैपटॉप मोबाइल आदि लूट लिया। आश्रम के महन्त ने बताया कि बदमाश बार बार गाड़ी की चाबी मांगते रहे लेकिन उन्होने गाड़ी की चाबी चालक के पास है ये बताकर अपना पीछा छुड़ा लिया। बदमाश आश्रम की दीवार फांदकर आसानी के साथ फरार हो गए।

Tags:    

Similar News