‘उन्हें एनकाउंटर का डर होना चाहिए...’,संगीत सोम ने आजम खान पर साधा निशाना, अयोध्या का भी किया जिक्र
संगीत सोम ने आजम खान पर मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए और अयोध्या जाकर भगवान राम से माफी मांगनी चाहिए।
Image Source – Social Media
Sangeet Som on Azam Khan: बीजेपी नेता संगीत सोम ने हाल ही में जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आजम खान को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें एनकाउंटर का डर होना चाहिए। संगीत सोम ने अपने बयान में मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया और आजम खान पर गंभीर आरोप लगाए। इसके अलावा उन्होंने आजम खान को यह भी सलाह दी कि वो 12 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ अयोध्या जाएं और सरयू नदी में स्नान करके भगवान राम से माफी मांगें।
'आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए'
संगीत सोम ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान निर्दोष लोगों की जान गई थी और इसके लिए आजम खान जिम्मेदार हैं। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि उस समय सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी और कई लोगों के शव तक बरामद नहीं हो सके। उन्होंने आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका सफेद कुर्ता खून से सना हुआ है। संगीत सोम ने यह भी कहा कि ऐसे शख्स को एनकाउंटर का डर होना चाहिए। उन्होंने आजम खान और उनके जैसे लोगों को गुंडे-माफिया बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को नेता नहीं कहा जा सकता।
सपा पर लगाए आंकड़े छिपाने के आरोप
संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान मौतों के आंकड़ों को लेकर समाजवादी पार्टी पर भी सवाल उठाए। संगीत सोम का आरोप है कि उस समय मौतों के आंकड़ों में हेरफेर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि दंगों में कई सनातनी मारे गए और कुछ लोगों के शव तक नहीं मिले।
आजम खान को अयोध्या जाने की सलाह
संगीत सोम ने आजम खान को 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह अखिलेश यादव अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे हैं, उसी तरह आजम खान को भी उनके साथ जाना चाहिए। बीजेपी नेता ने कहा कि आजम खान को सरयू नदी में डुबकी लगानी चाहिए और भगवान राम के चरणों में जाकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान उस कमेटी में शामिल थे, जिसने राम मंदिर का विरोध किया था। संगीत सोम के मुताबिक, अयोध्या जाकर भगवान राम से माफी मांगने और सरयू में स्नान करने से आजम खान को अपने कथित पापों का प्रायश्चित करने का मौका मिल सकता है।
आजम खान को सताया था एनकाउंटर का डर
हाल ही में जेल से रिहा हुए आजम खान ने एक इंटरव्यू में जेल के दिनों का दर्द बयां किया था। उन्होंने बताया कि एक बार जब उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया जाने लगा, तब उनके मन में अनहोनी का डर बैठ गया था। आजम खान ने कहा कि उस समय प्रदेश में एनकाउंटर का दौर चल रहा था और उन्हें लगा कि शायद यह बेटे से उनकी आखिरी मुलाकात हो।