Shravasti: एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, स्वास्थ्य मेले का किया शुभारंभ

Shravasti News: श्रावस्ती के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने सीएचसी सोनवा में सामुदायिक स्वास्थ्य मेले और जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया।

Update:2026-06-14 22:27 IST

Shravasti News

Shravasti News: रविवार को श्रावस्ती जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सीएचसी सोनवा में आयोजित सामुदायिक स्वास्थ्य मेले एवं जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया तथा विकास भवन में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाया।

सीएचसी सोनवा पहुंचने पर श्रावस्ती विधायक पंडित रामफेरन पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।इसके बाद प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड, पांच क्षयरोगियों को पोषण किट, एक दिव्यांग को ट्राईसाइकिल तथा एक अन्य दिव्यांग को सुगम्य केन किट वितरित की।

इसके पश्चात उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो पाता है। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सीएचसी परिसर में अशोक का पौधा लगाकर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

मीडिया संवाद और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन

जनपद दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने विकास भवन के निकट जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास किया है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंच पर एक मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरा है।उन्होंने जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।

इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा सेल्फी स्टैंड पर फोटो भी खिंचवाई।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, एसडीएम रवेन्द्र कुमार, डीसी एनआरएलएम संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति, बीएसए आकांक्षा रावत, बीडीओ, बीईओ, प्रभारी चिकित्साधिकारी सोनवा तथा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पाण्डेय, उदय प्रकाश त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरिहरपुररानी सुभाष सत्या, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चन्द्र सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News