Shravasti News: पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, गांजा व 19.82 लाख रुपये के साथ दो गिरफ्तार
Shravasti News: श्रावस्ती में मल्हीपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में 2.365 किलो गांजा, 19.82 लाख रुपये नकद समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, गांजा व 19.82 लाख रुपये के साथ दो गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Shravasti News: श्रावस्ती में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 365 ग्राम अवैध गांजा, 19 लाख 82 हजार 645 रुपये भारतीय मुद्रा, 320 रुपये नेपाली मुद्रा और गांजे की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर मल्हीपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की।
मुखबिर की सूचना पर परचून की दुकान में दी गई दबिश
पुलिस के अनुसार मोहर्रम के मद्देनजर कर्बला तिराहे पर पुलिस टीम ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जमुनहा गांव निवासी शिवप्रसाद अपनी पत्नी तथा बिकाऊलाल जायसवाल की पत्नी लक्ष्मी के साथ मिलकर परचून की दुकान से चोरी-छिपे गांजे के छोटे-छोटे पैकेट बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिवप्रसाद पुत्र परसराम और लक्ष्मी पत्नी बिकाऊलाल जायसवाल निवासी ग्राम जमुनहा गांव दाखिली जमुनहा भवनियापुर थाना मल्हीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गांजा, लाखों की नकदी और पैकिंग का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 365 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 18 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 19 लाख 82 हजार 645 रुपये भारतीय मुद्रा और 320 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई।
पुलिस को मौके से चार डिब्बे कोगो चिलम, 23 खुली कोगो चिलम, चार बंडल सफेद पारदर्शी पन्नी, 48 खुली पन्नियां, एक स्टेपलर, स्टेपलर पिन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक नेपाली पासपोर्ट भी मिला। वहीं शिवप्रसाद की शर्ट की जेब से छह पैकेट गांजा और 610 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में नेपाल से गांजा मंगाने का खुलासा
पूछताछ के दौरान लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि वह और उसका पति बिकाऊलाल नेपाल से गांजा मंगवाते थे। इसके बाद गांजे के छोटे-छोटे पैकेट तैयार कर शिवप्रसाद के माध्यम से उनकी बिक्री कराई जाती थी। पुलिस ने इस खुलासे के बाद मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में थाना मल्हीपुर पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सत्यजीत राय, उपनिरीक्षक आलोक चन्द्रा, महिला उपनिरीक्षक महिमा सिंह सहित मल्हीपुर थाना पुलिस की टीम शामिल रही। इसके अलावा एसओजी टीम के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दूबे और सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक शादाब आलम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में संपन्न कराई गई।