Shravasti News: श्रावस्ती में ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार
Shravasti News: श्रावस्ती में ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में शामिल टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम दिया।
Shravasti News
Shravasti News: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हरदत्त नगर गिरंट पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसपी राहुल भाटी ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, थाना गिरंट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट और हत्या के मामलों में वांछित इनामी अपराधी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिस पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त लूट और हत्या के मामलों में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।एसपी राहुल भाटी ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।