Siddharthnagar News: 15 अगस्त ध्वजारोहण तैयारियों को लेकर अमरगढ़ स्मृति वाटिका में बैठक आयोजित

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अमरगढ़ स्मृति वाटिका में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

Update:2026-08-07 16:28 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर बजरंगी चौक स्थित अमरगढ़ स्मृति वाटिका में 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के भव्य ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र, खण्ड विकास अधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव तथा आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों के साथ समारोह की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों एवं आमजन के बैठने की समुचित व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, स्वच्छता, पेयजल एवं नाश्ते की व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में अमरगढ़ स्मृति वाटिका पहुंचकर राष्ट्रध्वज के सम्मान में आयोजित समारोह में सहभागिता करें और देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाएं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।

उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र एवं प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने तिरंगा यात्रा एवं अन्य आयोजनों के दौरान आमजन से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान एडीओ पंचायत आशुतोष मिश्रा, सचिव अंकित त्रिपाठी, विनीत सिंह, समाजसेवी रमेशलाल श्रीवास्तव, व्यापार मंडल अध्यक्ष बेवा श्यामसुंदर अग्रहरि, राजन अग्रहरि, दिलीप पाण्डेय, शिवकुमार गौतम, बिन्दराज, बब्लू मिश्रा, राजकुमार अग्रहरि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News