Siddharthnagar News: चार दिन में पांच स्कूलों में चोरी का खुलासा, लोटन पुलिस ने दबोचा शातिर चोर

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के लोटन क्षेत्र में परिषदीय विद्यालयों से गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। लोटन पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी का सिलेंडर, बाइक और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए हैं।

Update:2026-08-05 16:53 IST

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: लोटन कोतवाली क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में लगातार हो रही गैस सिलेंडर चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कौलपुर ग्रांट बंधे के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी का एक गैस सिलेंडर, चोरी में प्रयुक्त बाइक तथा स्कूलों के फाटक और ताले तोड़ने-खोलने के औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उसके दो फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहीम उर्फ कोहिनूर पुत्र अब्दुल कलाम, निवासी बढ़नी खुर्द, थाना तेतरी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी अथर्व बंजारा निवासी परसा महापात्र, थाना सिद्धार्थनगर तथा अतीक बंजारा निवासी गोपीजोत, थाना मोहाना के साथ मिलकर क्षेत्र के विद्यालयों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।उल्लेखनीय है कि बीते चार दिनों में लोटन क्षेत्र के चार परिषदीय विद्यालयों से पांच गैस सिलेंडर चोरी होने की घटनाओं से शिक्षकों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। लगातार हो रही वारदातों के बाद थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने विशेष टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया और स्वयं अभियान की निगरानी की। इसी रणनीति के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर फरार दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जाएगा।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा, हरिबंशपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल कुमार गुप्ता, एंटी थेफ्ट प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि विद्यालयों में चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया गया था। क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की गश्त खत्म होते ही वारदात को देते थे अंजाम

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अब्दुल रहीम उर्फ कोहिनूर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पहले लोटन पुलिस की रात्रि गश्त पर नजर रखता था। पुलिस टीम के क्षेत्र से निकलने के बाद और गश्त पूरी कर थाने लौटते ही गिरोह स्कूलों को निशाना बनाता था। इसके बाद विद्यालयों के फाटक और रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

शिक्षक संघ के पत्र के बाद तेज हुई कार्रवाई, पुलिस ने किया खुलासा

लोटन क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ के लोटन ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज की और थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Tags:    

Similar News