Siddharthnagar News: आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में आयोजित कार्यक्रम में 350 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और हजारों कार्यकत्रियों व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जिले के अम्बेडकर सभागार में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण तथा मुख्य सेविकाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने की। इस अवसर पर विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं कड़ी मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। सरकार द्वारा उन्हें स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने कुपोषण मुक्त प्रदेश बनाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए कहा कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण में सरकार लगातार कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य सुधार में अहम है। स्मार्टफोन मिलने से डेटा फीडिंग और कार्यों के संचालन में आसानी होगी।
विधायक विनय वर्मा ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि नई सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, विधायक सैय्यदा खातून ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि नियुक्ति के बाद सहायिकाएं बच्चों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।कार्यक्रम में 350 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जबकि 3140 कार्यकत्रियों और 77 मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन दिए गए। अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।