Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में पंकज चौधरी का भव्य स्वागत, 2027 में फिर सरकार का दावा
Siddharthnagar News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सिद्धार्थनगर दौरे में कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया और 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।
सिद्धार्थनगर में पंकज चौधरी का भव्य स्वागत, 2027 में फिर सरकार का दावा (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सिद्धार्थनगर जिले में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिले में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह भाजपा समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने "भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद" और "पंकज चौधरी जिंदाबाद" के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही।
भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी- पंकज चौधरी
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिसके कारण जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और सभी को एकजुट होकर आगामी चुनावों की तैयारी में जुटना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सांसद जगदंबिका पाल ने भी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान भी किया।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में पूरे दिन उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।