Siddharthnagar News: मछली मंडी हादसे पर सपा नेता की मांग, मृतक परिवार को मुआवजा दिलाने की उठी आवाज
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के तुलसियापुर में निर्माणाधीन मछली मंडी का गेट गिरने से हुई मजदूर की मौत के मामले में समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्रा ने मृतक परिवार को मुआवजा और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्रा ने शोहरतगढ़ क्षेत्र के तुलसियापुर स्थित निर्माणाधीन मछली मंडी के गेट गिरने से हुई मजदूर की मौत के मामले में मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में मणेंद्र मिश्रा ने कहा कि 3 जून को निर्माणाधीन मछली मंडी का गेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य मजदूर घायल हो गए थे। घटना के बाद जिलाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी।
हाल ही में जिला सूचना कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा मंडी परिषद बस्ती के अवर अभियंता, सहायक अभियंता और उप निदेशक (निर्माण) के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।मिश्रा ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मृतक के परिजनों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार मंडी परिषद के अधिकारियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और दर्ज एफआईआर में भी किसी अधिकारी का नाम शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि तुलसियापुर की यह घटना भ्रष्टाचार का ज्वलंत उदाहरण है। सिद्धार्थनगर प्रदेश का एकमात्र पंगेशियस क्लस्टर केंद्र है, जिसे प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अधिसूचित किया गया है। इसके बावजूद कार्यदायी संस्था मंडी परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई न होना गंभीर सवाल खड़े करता है।मणेंद्र मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी मृतक परिवार को न्याय दिलाने और घटना के लिए जिम्मेदार सभी दोषियों की जवाबदेही तय कराने के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने मांग की कि मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के दायरे में लाया जाए।