Siddharthnagar बाल विवाह, बाल श्रम और तस्करी पर हुई चर्चा, बाल संरक्षण को लेकर ग्रामीण हुए जागरूक
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के अरनी गांव में बाल संरक्षण समिति की बैठक, ग्रामीणों को किया गया जागरूक
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: डुमरियागंज विकासखंड के ग्राम पंचायत अरनी में मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के तत्वावधान में ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें ग्राम वासियों को जागरूक किया गया । बैठक में स्कूल प्रधानाध्यापक आफ़ताब आलम, एएनएम अनीता कुमारी,आंगनवाड़ी सेहर बानो, आशा पुष्पा आदि लोग उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति समुदाय को जागरूक करना तथा बाल संरक्षण से जुड़े मामलों पर प्रभावी चर्चा करना रहा।
बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, बाल तस्करी, स्कूल छोड़ने वाले बच्चों तथा बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
संस्था के प्रतिनिधि मनीष यादव द्वारा बताया गया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, विद्यालय, ग्राम पंचायत, समुदाय तथा सभी संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्र में बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या या जोखिम की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग एवं प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सदस्यों, संस्था के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता की। उपस्थित सदस्यों ने बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।