Siddharthnagar News: डबल डेकर बस से नकली शराब का सामान बरामद, 35 हजार ढक्कन समेत तीन गिरफ्तार
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में डबल डेकर बस से नकली शराब बनाने का सामान बरामद हुआ। पुलिस ने 35 हजार से अधिक ढक्कन और 4,900 QR कोड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
Siddharthnagar News(Photo-Social Media)
Siddharthnagar News: बांसी पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध मिश्रित अंग्रेजी शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए डबल डेकर स्लीपर बस से भारी मात्रा में नकली शराब तैयार करने की सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बस को भी कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, कल रात बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर प्रतापपुर के पास चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर डबल डेकर स्लीपर बस संख्या UP 17 AT 6415 को रोककर तलाशी ली गई। बस में सवार राम प्रताप प्रजापति उर्फ गुरु प्रजापति, दीपक जायसवाल और जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान बस से 35,740 नकली अंग्रेजी शराब के ढक्कन, 4,900 QR कोड वाले सील रैपर, हरियाणा निर्मित 281 बोतल अंग्रेजी शराब, 20 लीटर स्प्रिट, शराब बनाने में प्रयुक्त सेंट की छह शीशियां और 65 नई खाली बोतलें बरामद हुईं। तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नकली ढक्कन और स्प्रिट आदि की आपूर्ति कर उन्हें आसपास के जिलों में बेचा जाता था। इसके अलावा हरियाणा से सस्ती अंग्रेजी शराब लाकर दूसरे स्थानों पर अधिक कीमत में बेचने की योजना थी। यह सामग्री मऊ, गोरखपुर और सिद्धार्थनगर होते हुए लखनऊ ले जाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी शराब और गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में जेल जाने का इतिहास रहा है। मामले में BNS की संबंधित धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।