Sonbhadra News: NTPC में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश नाकाम, पुलिस ने 10 युवकों को पकड़ा

Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी के हाई सिक्योरिटी जोन में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश करने वाले 10 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Update:2026-06-27 18:26 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी के हाई सिक्योरिटी जोन में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले 10 युवकों को शक्तिनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश पर कड़ा शिकंजा कस दिया। प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश की सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने सभी आरोपितों को दबोच लिया। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपदभर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में शक्तिनगर पुलिस ने पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान चलाया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद शुरू हुई तलाश

पुलिस के मुताबिक 26 जून को केऔसुब इकाई, एसएसटीपीएस शक्तिनगर में तैनात आरक्षी/जीडी जितेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 124/2026 दर्ज किया गया। आरोप था कि कुछ लोगों ने एनटीपीसी के प्रतिबंधित एवं हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में रात के समय अनधिकृत प्रवेश किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329(3) एवं 189(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई।

सीआईएसएफ कैंटीन मार्ग पर घेराबंदी, सभी आरोपी गिरफ्तार

शनिवार को थाना शक्तिनगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मामले से जुड़े युवक सीआईएसएफ कैंटीन जाने वाले मार्ग के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सभी 10 आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अमन गिरी, आशीष रावत, छोटू कुमार, रोशन चन्द्रवंशी, अनुराग कुमार, श्रावण कुमार, अनुप गुप्ता, चन्दू राम, आशीष पटेल तथा संतोष कुमार शामिल हैं। सभी शक्तिनगर क्षेत्र के निवासी हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा से समझौता नहीं

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एनटीपीसी जैसे अति संवेदनशील एवं हाई सिक्योरिटी जोन में किसी भी प्रकार का अनधिकृत प्रवेश गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार भारती, आरक्षी अमृतलाल तथा आरक्षी उमेश कुमार गौतम की अहम भूमिका रही। सोनभद्र पुलिस ने दोहराया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News