Sonbhadra News: बाल्टी से पति ने पत्नी पर किए ताबड़तोड़ हमले, मौत, आरोपी 10 घंटे में गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र के म्योरपुर में घरेलू विवाद के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हुई, इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को 10 घंटे में पकड़ा।
बाल्टी से पति ने पत्नी पर किए ताबड़तोड़ हमले, मौत, आरोपी 10 घंटे में गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र के काचन गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। आरोप है कि पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर सफेद रंग की प्लास्टिक की बाल्टी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पति को म्योरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बाल्टी भी बरामद कर ली है।
घर से सुनाई दी चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार काचन गांव निवासी पनमति (30) पत्नी संतलाल के साथ घरेलू विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई। बताया गया कि घटना के समय परिवार के लोग धान की रोपाई के लिए घर से निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान घर के भीतर से अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन वापस घर पहुंचे तो पनमति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली।
आरोप है कि संतलाल ने सफेद रंग की बाल्टी से पनमति पर हमला किया था। महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने बिना देर किए उसे म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर, रास्ते में टूट गई सांसों की डोर
म्योरपुर सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पनमति ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद आरोपी पति संतलाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर म्योरपुर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
मुकदमा दर्ज होने के 10 घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को थाना म्योरपुर में मु0अ0सं0-98/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित संतलाल पुत्र स्व. मेहीलाल गोड़, निवासी ग्राम करहिया, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 40 वर्ष को पुलिस टीम ने रविवार ,16 अगस्त 2026 को सुबह 8:22 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की एक बाल्टी को आला कत्ल के रूप में बरामद किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी ज्यादा देर तक कानून की पकड़ से बच नहीं सका।
अभियान के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के कुशल नेतृत्व में म्योरपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, थाना म्योरपुर; उपनिरीक्षक परमानन्द त्रिपाठी, चौकी प्रभारी लिलासी; हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव, चौकी लिलासी और कांस्टेबल रामजीत बिन्द, थाना म्योरपुर शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घरेलू विवाद में हुई इस घटना ने गांव में भी सनसनी फैला दी है। एक मामूली घरेलू विवाद देखते ही देखते जानलेवा हिंसा में बदल गया और एक महिला की जिंदगी खत्म हो गई।