Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस के नौ जांबाजों को डीजीपी प्रशंसा चिह्न, सेवा और साहस का मिला सम्मान

Sonbhadra News: स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और साहस के लिए सोनभद्र पुलिस के नौ कर्मियों को स्वर्ण और रजत प्रशंसा चिह्न से सम्मानित किया गया।

Update:2026-08-16 22:13 IST

सोनभद्र पुलिस के नौ जांबाजों को डीजीपी प्रशंसा चिह्न, सेवा और साहस का मिला सम्मान (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोनभद्र पुलिस के नौ पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, साहस और उल्लेखनीय पुलिसिंग के लिए पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। 15 अगस्त 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोरा की ओर से सेवा अभिलेखों तथा उल्लेखनीय एवं असाधारण कार्यों के आधार पर पुलिसकर्मियों को स्वर्ण और रजत प्रशंसा चिह्न से नवाजा गया।


सेवा अभिलेख में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित

सेवा अभिलेख के आधार पर सोनभद्र पुलिस के दो अधिकारियों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया। निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वह वर्तमान में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के वाचक के पद पर तैनात हैं। वहीं निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह को रजत पदक प्रदान किया गया। वह वर्तमान में यातायात निरीक्षक, सोनभद्र के पद पर कार्यरत हैं।


ऑपरेशनल कार्यों में साहस और तत्परता का मिला सम्मान

ऑपरेशनल कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न रजत प्रदान किया गया। इनमें निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, प्रभारी निरीक्षक थाना जुगैल, उप-निरीक्षक घनश्याम तिवारी, चौकी प्रभारी डाला थाना चोपन, उप-निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, थानाध्यक्ष थाना म्योरपुर शामिल हैं।


इसके अलावा मुख्य आरक्षी नागेन्द्र कुमार पटेल और आरक्षी सुनील कुमार गौड़, दोनों डायल-112 चोपन में तैनात हैं, को भी सम्मानित किया गया। आरक्षी सुनील कुमार, थाना चोपन तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार सिंह, डीसी, सीसीटीएनएस को भी ऑपरेशनल कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए रजत प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया।


कर्तव्यनिष्ठा और साहस को मिली पहचान

पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न पुलिसकर्मियों के लिए महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है। यह सम्मान उन पुलिसकर्मियों के कार्यों को पहचान देता है, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट कार्यकुशलता, समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोनभद्र पुलिस के नौ कर्मियों को मिले इस सम्मान से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। सेवा अभिलेख से लेकर चुनौतीपूर्ण ऑपरेशनल कार्यों तक बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को मिली यह उपलब्धि जिले की पुलिसिंग में समर्पण और जिम्मेदारी की मिसाल के रूप में देखी जा रही है।

Tags:    

Similar News