Sonbhadra News: दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से चंद सेकेंड में उजड़ गया घर का चिराग, सिर धड़ से हुआ अलग, गुस्साए ग्रामीणों ने थाने को घेरा
Sonbhadra News: पन्नूगंज के तेलाड़ी गांव में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 27 वर्षीय युवक को कुचला, मौके पर मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर गिरफ्तारी की मांग की।
सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। रविवार का दिन पन्नूगंज क्षेत्र के लिए दर्द और आक्रोश की ऐसी तस्वीर छोड़ गया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रॉबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर एक युवक की जिंदगी निगल गया। सड़क पर हुए इस भयावह हादसे में युवक की मौत इतनी दर्दनाक थी कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
टक्कर की वजह से युवक का सिर धड़ से अलग हो गया
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के तेलाड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय सत्यम सोनी अपने घर के पास ही था कि तभी एक अज्ञात वाहन मौत बनकर उस पर टूट पड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो उठा। मृतक के परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर आंख नम हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि एक जिंदगी छीनने के बाद आरोपी बेखौफ भाग निकला। हालांकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों का गुस्सा जल्द ही सड़क से थाने तक पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पन्नूगंज थाने का घेराव कर दिया और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बेलगाम रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का बन रही कारण
ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती बेलगाम रफ्तार और लापरवाही पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन प्रभावी कदम उठाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार वाहन और चालक की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद तेलाड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। एक जवान बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जबकि ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर अब भी आक्रोशित हैं।