Sonbhadar News : सोनभद्र में पुलिस पर हमला करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार, सरकारी वाहन भी तोड़ा था

Sonbhadra News ; सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

Update:2026-06-07 21:53 IST

Sonbhadra News  

Sonbhadra News :  जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, बांस तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने और राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के मार्गदर्शन में म्योरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।पीड़िता को घर छोड़कर लौट रही थी पुलिस टीम, तभी हुआ हमला

पुलिस के अनुसार 6 जून की रात एक पीड़िता को सुरक्षा के दृष्टिगत उसके गांव पड़री कमरीडाड़ स्थित घर पहुंचाकर उसकी मां के सुपुर्द किया गया था। पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में विपक्षी पक्ष के लोगों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस वाहन को घेर लिया।आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, बांस, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हमलावरों ने पुलिस के राजकीय कार्य में बाधा डालते हुए सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

हमले के बाद दर्ज हुआ गंभीर धाराओं में मुकदमा

घटना के बाद थाना म्योरपुर में मुकदमा संख्या 68/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के साथ लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम तथा सीएलए एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी परिस्थिति में सरकारी कार्य में बाधा डालने या पुलिस बल पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुखबिर की सूचना पर एयरपोर्ट रोड से दबोचे गए आरोपी

रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर म्योरपुर पुलिस ने एयरपोर्ट रोड स्थित कर्बला क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस टीम ने दोपहर लगभग 12:44 बजे नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

ये हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र कुमार, राहुल शर्मा, धनेश्वर, राम सुशील, रोहित शर्मा, गुलाब शर्मा, रेखा, उर्मिला तथा संजू शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी म्योरपुर थाना क्षेत्र के पड़री कमरीडाड़ गांव के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले का रहने वाला बताया गया है।घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से पुलिस पर हमला करने और कानून हाथ में लेने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षकों, आरक्षियों तथा महिला पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही, जिन्होंने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Tags:    

Similar News