Sonbhadra News: गैस सिलेंडर फिर महंगा, रसोई का बजट बिगड़ा; आम आदमी बोला- महंगाई ने जीना किया मुश्किल

Sonbhadra News : घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपये महंगा होने से सोनभद्र में लोगों की चिंता बढ़ी, गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों ने जताई नाराजगी।

Update:2026-06-07 20:58 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News : घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी ने एक बार फिर आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। पहले से ही खाद्य पदार्थों, सब्जियों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते खर्च से जूझ रहे परिवारों का कहना है कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से घर चलाना और कठिन हो जाएगा। लोगों ने इस बढ़ोतरी को सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए महंगाई पर चिंता जताई है।

गैस एजेंसी के प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।घरेलू महिला उर्मिला देवी ने कहा कि हर महीने किसी न किसी जरूरी वस्तु के दाम बढ़ जाते हैं। रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि आमदनी वही है। गैस सिलेंडर महंगा होने से परिवार का पूरा बजट प्रभावित होगा और अन्य जरूरी जरूरतों में कटौती करनी पड़ेगी।


धर्मशिला देवी ने कहा कि महंगाई की सबसे ज्यादा मार गृहिणियों पर पड़ती है, क्योंकि उन्हें सीमित बजट में पूरे परिवार का खर्च संभालना पड़ता है। गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रसोई का खर्च और बढ़ जाएगा, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ेगी।कामकाजी महिला आशा देवी ने कहा कि नौकरी करने के बावजूद घर का खर्च संभालना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई, राशन, बिजली और अन्य आवश्यक खर्चों के बीच गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमत अतिरिक्त बोझ साबित होगी। सरकार को आम लोगों की समस्याओं को समझते हुए राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए।


मध्यमवर्गीय व्यवसायी मोनू खान ने गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आम आदमी की जेब पर लगातार हमले हो रहे हैं। पहले से ही खाद्य सामग्री, बिजली, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में घरेलू गैस के दाम बढ़ाना लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार सबसे ज्यादा पिस रहा है, क्योंकि न तो उसे किसी योजना का पूरा लाभ मिलता है और न ही महंगाई से राहत। व्यापार में मुनाफा लगातार घट रहा है, जबकि खर्च बेकाबू होते जा रहे हैं। सरकार को महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, अन्यथा आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा जाएगा और परिवारों के लिए महीने का खर्च निकालना मुश्किल हो जाएगा।


व्यवसायी अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि महंगाई अब लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा लेने लगी है। पेट्रोल, डीजल, खाद्य सामग्री और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। आम आदमी की आय नहीं बढ़ रही, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सरकार को महंगाई नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि यदि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए घर का बजट संभालना और भी कठिन हो जाएगा। महंगाई की इस नई मार ने एक बार फिर रसोई की आग को और महंगा कर दिया है।

Tags:    

Similar News