Sonbhadra News: बिरधी गेट पर दर्दनाक हादसा! बाइक दुर्घटना में किशोर की मौत

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार चौकी अंतर्गत शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नईबाजार-धनरौल बांध मार्ग पर बिरधी गेट के

Update:2026-06-06 22:39 IST

Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार चौकी अंतर्गत शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नईबाजार-धनरौल बांध मार्ग पर बिरधी गेट के समीप स्थित तिराहे पर तेज रफ्तार और अचानक सामने आए वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, नरोखर ग्राम पंचायत निवासी 16 वर्षीय अखिलेश यादव और 19 वर्षीय गुलजार बाइक से कहीं जा रहे थे। गुलजार मूल रूप से चकिया क्षेत्र का निवासी था और इन दिनों अपने ननिहाल नरोखर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। दोनों युवक जब बिरधी गेट के समीप तिराहे पर पहुंचे, तभी सामने से एक स्कूटी अचानक उनकी ओर आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संभावित टक्कर से बचने के लिए बाइक चालक ने तत्काल नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क पर जोरदार दुर्घटना हो गई।

हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर

टक्कर और गिरने की वजह से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजवाया। हालांकि किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। गंभीर रूप से घायल गुलजार ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही अंतिम सांस ले ली।

वहीं अखिलेश यादव की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। हादसे में स्कूटी चालक लव कुश पटेल निवासी बिरधी को हल्की चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक गुलजार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मचा कोहराम

घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर और ननिहाल में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है। शनिवार की यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत की याद दिला गई। कुछ ही पलों की असावधानी ने एक युवा जिंदगी को हमेशा के लिए खामोश कर दिया, जबकि दूसरा युवक अभी भी जीवन की जंग लड़ रहा है।

Tags:    

Similar News