Sonbhadra: सोनभद्र में बिजली का बड़ा शटडाउन: दो दिन 8 घंटे बंद रहेगी सप्लाई, कई इलाके होंगे प्रभावित

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में 2 और 3 मई को 8-8 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी, 11 केवी लाइन निर्माण कार्य के चलते शटडाउन रहेगा।

Update:2026-04-30 18:56 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में आगामी दो दिनों तक व्यापक स्तर पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहने वाली है। विद्युत वितरण खंड रॉबर्ट्सगंज के अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि 132 केवी विद्युत उपकेंद्र छपका से मेडिकल कॉलेज के लिए बनाई जा रही 11 केवी लाइन का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए 2 मई 2026 (शनिवार) और 3 मई 2026 (रविवार) को शटडाउन लिया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों दिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संबंधित फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इसके तहत 11 केवी इंजीनियरिंग कॉलेज पोषक और 11 केवी मुख्यालय प्रथम पोषक से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली नहीं मिलेगी। इस दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, जिलाधिकारी आवास, पुलिस अधीक्षक आवास, चुर्क मुसही, सहिजन कला समेत कई मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी।विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह शटडाउन पूरी तरह से पूर्व निर्धारित और आवश्यक कार्य के मद्देनजर लिया जा रहा है, ताकि भविष्य में विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बेहतर होगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

हालांकि, इस दौरान लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से आवश्यक तैयारियां कर लें। विशेष रूप से पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, इनवर्टर या अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।विभाग ने इस सूचना को जनहित में जारी करते हुए सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की है और कहा है कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा कर आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल कर दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News