Sonbhadra News: स्वयं सहायता समूह घोटाले का आरोप, बैंक सखी पर 90 हजार रुपये हड़पने का मामला
Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में बैंक सखी पर फर्जी हस्ताक्षर कर रकम निकालने का आरोप, पीड़िता ने तहसील दिवस में शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
स्वयं सहायता समूह घोटाले का आरोप, बैंक सखी पर 90 हजार रुपये हड़पने का मामला (Photo- Social Media)
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह से जुड़ा एक कथित घोटाला सामने आया है, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। ग्राम बिरधी की रहने वाली आशा देवी ने बैंक सखी किरन देवी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
फर्जी हस्ताक्षर कर निकाली गई रकम
आशा देवी का आरोप है कि बैंक सखी ने समूह का कैश क्रेडिट लिमिट (CCL) बढ़ाने के नाम पर उनसे और अन्य सदस्यों से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। आरोप है कि इस दौरान सादे विड्रॉल फॉर्म पर भी हस्ताक्षर करा लिए गए, जिसका बाद में दुरुपयोग किया गया।
पीड़िता के अनुसार, समूह के खाते से करीब 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। इतना ही नहीं, यह राशि बैंक सखी द्वारा अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर ली गई। आरोप यह भी है कि कुछ रकम उनके रिश्तेदारों के खातों में भी स्थानांतरित की गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
इस पूरे मामले का खुलासा 24 मार्च 2026 को हुए लेन-देन की जांच के दौरान हुआ, जब समूह के सदस्यों को खाते में गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद आशा देवी ने रॉबर्ट्सगंज तहसील दिवस में पहुंचकर लिखित शिकायत पत्र सौंपा और पूरे प्रकरण की जांच की मांग की।
जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अश्वनी कुमार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना स्वयं सहायता समूहों की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल, ग्रामीणों और समूह के सदस्यों की नजर अब प्रशासनिक जांच पर टिकी है, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।