Sonbhadra News: सोनभद्र में हाई वोल्टेज करंट से बुजुर्ग दंपति की मौत, महिला गंभीर हालत में भर्ती
Sonbhadra News: सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में हाई वोल्टेज करंट से बुजुर्ग दंपति की मौत, एक महिला गंभीर रूप से झुलसी।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र के झीलों ग्राम पंचायत में शुक्रवार की शाम अचानक फैले हाई वोल्टेज करंट ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक बिजली का वोल्टेज असामान्य रूप से बढ़ गया। देखते ही देखते कई घरों में लगे तार, स्विच बोर्ड और दरवाजों के आसपास करंट दौड़ने लगा। झीलों निवासी श्रीराम विश्वकर्मा (लगभग 65 वर्ष) और उनकी पत्नी फूलमती (लगभग 63 वर्ष) उस समय अपने घर में ही मौजूद थे। इसी दौरान उनके घर के दरवाजे और बिजली के बोर्ड में तेज करंट उतर आया।
बताया जा रहा है कि हालात को समझे बिना फूलमती ने जैसे ही दरवाजा खोलने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं। पत्नी को बचाने के लिए श्रीराम दौड़े, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। दोनों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इस हादसे में पड़ोस की रहने वाली इंद्रा देवी (लगभग 60 वर्ष) भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है और हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन को तुरंत बंद कराया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं लोग बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।