चुनावी मोड में आने की तैयारी में सपा, अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में चुनाव में अभी समय है। लेकिन समाजवादी पार्टी ने चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई

Update: 2020-02-28 17:19 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव में अभी समय है। लेकिन समाजवादी पार्टी ने चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आने की तैयारी में जुट गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी विधायकों को शनिवार को महोबा जिले के चार विकासखंड़ों कबरई, पनवाड़ी, चरखारी और जैतपुर में जा कर आत्महत्या करने वाले 66 किसानों के परिवारों से सम्पर्क करने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी करने को कहा है। पार्टी का कहना है कि सपा समाज के सभी वर्गो को साथ लेकर अपनी चुनावी रणनीति बनाएगी, जिसमे नौजवानों की इसमें विशेष भूमिका होगी।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं द्वारा जन संवाद एवं सघन जनसम्पर्क अभियान में तेजी लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पार्टी का मानना है कि धरना प्रदर्शन और साइकिल यात्राओं से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह एवं ऊर्जा आएगी और पार्टी का संगठन गतिशील होगा।

किसान की मृत्यु की जांच का कार्यकर्ताओं को आदेश

ये भी पढ़ें- UP: विधानसभा का बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

 

 

 

सपा मुखिया ने महोबा के कबरई विकासखंड में किसानों की मृत्यु की जांच के लिए विधायक नरेन्द्र वर्मा, राजकुमार ‘राजू‘,बृजेश कठेरिया तथा एमएलसी डा. राजपाल कश्यप, हीरालाल यादव को, पनवाड़ी विकासखंड में विधायक अमिताभ बाजपेयी, इरफान सोलंकी तथा संग्राम सिंह को, चरखारी विकासखंड के लिए एमएलसी शशांक यादव, उदयवीर सिंह, सुनील सिंह ‘साजन‘को और जैतपुर विकासखंड में एमएलसी आनंद भदौरिया, संतोष यादव 'सनी', राजेश यादव ‘राजू‘ तथा दिलीप उर्फ कल्लू यादव को नामित किया है।

पार्टी के सभी विधायकगण 29 फरवरी को पीड़ित किसानों के परिजनों से मिलकर उनकी मृत्यु के कारणों तथा पारिवारिक स्थिति की जानकारी करेंगे। इसके अतिरिक्त ये विधायक पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश भी उन तक पहुंचाएंगे। समाजवादी पार्टी ने प्रभारी विधायक भेजकर महोबा के चार विकासखंडो में किसानो के मौत की तथ्यात्मक जानकारी हासिल की थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकासखंड पनवाड़ी में 13, विकासखंड जैतपुर में 16, विकासखंड चरखारी में 14 और विकासखंड कबरई में 23 किसानों ने आत्महत्या की है।

सपा करेगी सायकिल यात्रा

सपा प्रवक्ता राजेंद्र चैधरी ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी शीघ्र ही धरना प्रदर्शन के अलावा साइकिल यात्राएं शुरू करेगी। इनके माध्यम से पार्टी जहां भाजपा सरकार की उत्पीड़नकारी नीतियों का पर्दाफाश करेगी वहीं सपा सरकार की उपलब्धियों को भी जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की बदहाली, नौजवानों में बेरोजगारी तथा बढ़ती हुई मंहगाई की कुंठा से प्रदेश में चारों तरफ असंतोष और आक्रोश का वातावरण है।

 

ये भी पढ़ें- सड़क दुर्घटनाएं गड्ढ़ों से नहीं, एक्सप्रेस-वे पर ज्यादा: केशव प्रसाद मौर्या

चैधरी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष का निर्देश मिलने के बाद जिला मुख्यालयों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक धरना दिया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी अब हर माह की 22 तारीख को तहसील स्तर पर जन समस्याओं को लेकर धरना देगी तथा आगामी 23 मार्च को प्रत्येक जनपद में साइकिल चलाने का भी कार्यक्रम होगा।

Tags:    

Similar News