UP PCS Transfer News: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 84 वरिष्ठ PCS अधिकारियों के तबादले
UP PCS Transfer News: उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 वरिष्ठ PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और आगरा समेत कई जिलों में ADM, नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरण अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
UP PCS Transfer News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शासन ने देर रात 84 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर दी। इस फेरबदल में वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, आगरा, मेरठ और कानपुर जैसे कई बड़े शहरों के अधिकारी शामिल हैं। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक कई अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर निगम अधिकारियों और विकास प्राधिकरणों में तैनात अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। शासन का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को और प्रभावी बनाना है।
वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ में बड़े बदलाव
तबादला सूची में वाराणसी और प्रयागराज में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिले हैं। वाराणसी के अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा को सुल्तानपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है। वहीं कानपुर नगर में तैनात राजेश कुमार को अब वाराणसी में अपर जिलाधिकारी (नगर) की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत कुमार सिंह का तबादला मुजफ्फरनगर में ADM (वित्त एवं राजस्व) पद पर किया गया है। उनकी जगह गोरखपुर के विनीत कुमार सिंह को प्रयागराज विकास प्राधिकरण का नया सचिव नियुक्त किया गया है। लखनऊ नगर निगम में तैनात अपर नगर आयुक्त ललित कुमार को श्रावस्ती का ADM (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। वहीं गोरखपुर नगर निगम के अधिकारी दुर्गेश मिश्रा को वाराणसी नगर निगम में नई जिम्मेदारी दी गई है।
विकास प्राधिकरण और विश्वविद्यालयों में नई तैनाती
सरकार ने विकास प्राधिकरणों और शिक्षण संस्थानों में भी कई अहम बदलाव किए हैं। खुर्जा बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की सचिव ज्योत्स्ना को अब अटल बिहारी बाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय का कुल सचिव बनाया गया है। इसके अलावा गौरव शुक्ला को झांसी विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं वरुण कुमार पाण्डेय को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, प्रयागराज में कुलसचिव की जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार सिंह को रामपुर में ADM (वित्त एवं राजस्व) पद पर भेजा गया है, जबकि अर्पित गुप्ता मेरठ विकास प्राधिकरण के नए सचिव होंगे।
नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर भी कई अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। गाजियाबाद के नगर मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय को खेल निदेशालय में उप निदेशक (प्रशासन) बनाया गया है। उनकी जगह सतीश चंद्र त्रिपाठी को गाजियाबाद का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। मुरादाबाद के नगर मजिस्ट्रेट विनय पाण्डेय को फतेहपुर भेजा गया है, जबकि युवराज सिंह को मुरादाबाद में नई जिम्मेदारी मिली है। आगरा के नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान का तबादला गाजीपुर कर दिया गया है।
कई विभागों में बदले गए अधिकारी
उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ और कौशल विकास मिशन में भी कई अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। पूजा मिश्रा को सुल्तानपुर का ADM (प्रशासन) बनाया गया है। सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर कुछ और बदलाव भी किए जा सकते हैं।