Jalaun News: जालौन में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई वाहनों के कटे चालान
Jalaun News: उरई में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे हटाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के चालान काटे।
Jalaun News
Jalaun News: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार देर शाम नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अम्बेडकर चौराहे से शहीद भगत सिंह चौराहे तक तथा वहां से दलगंजन चौराहे तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
प्रशासनिक टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान, अस्थायी कब्जों और सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटवाकर मुख्य मार्गों को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। मुख्य मार्गों और सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों की जांच कर कई वाहनों के चालान काटे गए। प्रशासन ने वाहन चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने कहा कि शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, टीआई वीर बहादुर सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।