Uttarakhand News: ऋषिकेश में गंगा तट पर गूंजे आध्यात्म और संस्कृति के स्वर, सीएम धामी ने की भव्य गंगा आरती

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में भव्य गंगा आरती में भाग लिया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति की कामना की।

Update:2026-05-29 23:19 IST

Pushkar Singh Dhami (Image Credit-Newstrack)

ऋषिकेश/पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मां गंगा का विधिवत पूजन कर भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की।

परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती में वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की दिव्य आभा के बीच आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मां गंगा की आराधना करते हुए प्रदेश के विकास, जनकल्याण और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।


इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा का पावन तट हमेशा आत्मीय और आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है।


उन्होंने भारतीय संत परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में संतों और ऋषियों ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। भारत की तपस्या, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों की परंपरा को संत समाज ने पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी देवभूमि देश की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है और यहां से पूरे देश को प्रेरणा मिलती है।


परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और राष्ट्रहित में लिए गए फैसलों से देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना करते हुए उत्तराखंड को दिव्यता, संयम और संगम की भूमि बताया।


कार्यक्रम में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद जी गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और देश-विदेश से आए पर्यटक मौजूद रहे।


गंगा तट पर आयोजित इस भव्य आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Tags:    

Similar News