Ram mandir: यूपी कांग्रेस के पदाधिकारी आज जाएंगे रामलला के दरबार, कहां- उन्हे निमंत्रण की जरुरत नहीं

Ayodhya News: कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कांग्रेस पार्टी भगवान राम और धर्म के प्रति आस्था रखती है। उन्होने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, बीजेपी के लोग संतो और धर्माचार्यों को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2024-01-15 03:15 GMT

 कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी (Social Media)


Ram Mandir: यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राष्ट्रीय महासचिव प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय सहित अन्य तमाम नेता और कार्यकर्ता आज यानी सोमवार को रामनगरी अयोध्या जा रहे हैं, जहां सरयू नदी में स्नान के बाद हनुमान गढ़ी स्थित भगवान हनुमान के दर्शन पश्चात भगवान रामलला के दर्शन करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने अयोध्या जाने से पहले एक वीडियो जारी करके जानकारी दी है। उन्होने कहा कि हमें भगवान रामलला ने आज 15 जनवरी को अयोध्या बुलाया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा भगवान और भक्त के बीच में किसी निमंत्रण पत्र या फिर कार्ड बांटने वाले माध्यम की जरुरत नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कांग्रेस पार्टी भगवान राम और धर्म के प्रति आस्था रखती है। उन्होने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, बीजेपी के लोग संतो और धर्माचार्यों को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं। लेकिन, हम राजनैतिक दल हैं हमारी जिम्मेदारी देश के लोगों के कल्याण के लिए काम करना है, ना कि धार्मिक सत्ता पर कब्जा करना है। भारतीय जनता पार्टी धार्मिक सत्ता पर कब्जा करना चाह रही है। इसीलिए इस विशेष अनुष्ठान से शंकराचार्यों और धर्माचार्यों को अलग रख रही है। 

कांग्रेस की बैठक में अयोध्या जाने का लिया गया था फैसला

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा का शनिवार को लखनऊ में समापन हुआ। समापन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमले किए थे। उत्तर प्रदेश जोड़ो यात्रा समाप्त होने के बाद पार्टी नेताओं की प्रदेश मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के पूर्व सांसदों और विधायकों समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया था। इस दौरान कांग्रेस नेताओं की ओर से प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व अयोध्या जाकर भगवान रामलला के दर्शन का प्लान भी रखा गया।

बैठक में फैसला किया गया कि 15 जनवरी को पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अयोध्या पहुंचेंगे। खरमास समाप्त होने के बाद 15 जनवरी को सुबह 9:15 बजे कांग्रेस के नेता प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या पहुंचने के बाद सभी कांग्रेस नेता सबसे पहले सरयू नदी में स्नान करेंगे और उसके बाद भगवान रामलला और हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन पूजन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि भगवान राम सबके हृदय में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण खुशी की बात है मगर इसका राजनीतिकरण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारी भी भगवान राम में आस्था है और अयोध्या पहुंचकर हम भी जय-जय सियाराम का नारा लगाएंगे। 

Tags:    

Similar News