बीच समुद्र आग का गोला बनी 271 लोगों को ले जा रही फेरी! 5 की मौत 41 लापता

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास यात्रियों से भरी फेरी में भीषण आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। 271 लोगों में से 225 को सुरक्षित बचा लिया गया है और समुद्र में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Update:2026-08-02 15:59 IST

Image Source- Social Media

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप (Madura Island) के पास रविवार 2 अगस्त को एक यात्री फेरी (Passenger Ferry) में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन (Search and Rescue Operation) शुरू कर दिया गया है और लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।

फेरी में कुल 271 लोग थे सवार

इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी (Search and Rescue Agency) के मुताबिक, फेरी में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 271 लोग सवार थे। हादसे के बाद रविवार दोपहर तक कम से कम 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं 41 लोगों की तलाश अभी भी जारी है और राहत-बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

सुराबाया से मकासर जा रही थी फेरी

जानकारी के मुताबिक, यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत (East Java Province) के सुराबाया (Surabaya) से दक्षिण सुलावेसी (South Sulawesi) के मकासर (Makassar) जा रही थी। इसी दौरान जावा (Java) के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित मदुरा द्वीप के पास अचानक फेरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फेरी को अपनी चपेट में ले लिया और अफरा-तफरी मच गई।

कई जहाजों की मदद से चल रहा रेस्क्यू

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए कई जहाजों को मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारी आसपास के समुद्री इलाके में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल फेरी में आग लगने की वजह का तत्काल पता नहीं चल सका है। अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

एक साल पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा

इंडोनेशिया में इससे करीब एक साल पहले भी फेरी में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई थी। जुलाई 2025 में उत्तरी सुलावेसी प्रांत (North Sulawesi Province) के पास एक यात्री जहाज में आग लग गई थी। उस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।

केएम बार्सिलोना 5 में भी लगी थी आग

पिछले साल आग की चपेट में आया जहाज केएम बार्सिलोना 5 (KM Barcelona 5) था, जिसमें करीब 280 लोग सवार थे। 19 जुलाई 2025 को प्रांत की राजधानी मनाडो (Manado) के पास समुद्र में सफर के दौरान इस जहाज में आग लग गई थी। उस घटना के बाद भी बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया था।

Tags:    

Similar News