'भारत-रूस आर्थिक सहयोग का तेजी से बढ़ा ग्राफ ', जयशंकर ने पुतिन से की मुलाकात, अजीज मोदी का दिया मैसेज

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर भारत-रूस संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

Update:2026-08-24 18:50 IST

India Russia Relations: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों, आर्थिक सहयोग और दुनिया में चल रहे अहम घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। जयशंकर दो दिवसीय रूस दौरे पर रविवार को मॉस्को पहुंचे थे।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारत और रूस अपने पुराने रणनीतिक रिश्तों को आर्थिक क्षेत्र में और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है।

दोस्त पीएम मोदी का मैसेज लेकर पहुंचे जयशंकर

राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के दौरान जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने पुतिन के लिए व्यक्तिगत संदेश भी भेजा है, जिसे उन्होंने रूसी राष्ट्रपति को सौंपा।

जयशंकर ने कहा कि हाल में भारत और रूस के बीच हुई अंतर-सरकारी आयोग की बैठक में द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग में काफी तेजी आई है। विदेश मंत्री ने व्यापार के साथ-साथ ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु क्षेत्र और अन्य आर्थिक क्षेत्रों में सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

SCO और BRICS में मोदी-पुतिन की मुलाकात

जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही पुतिन से मुलाकात की उम्मीद कर रहे हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन के दौरान होने की संभावना है।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में पुतिन की मेजबानी करेंगे। जयशंकर ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं की सुविधा के अनुसार भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक भी आगे आयोजित की जाएगी। इससे साफ है कि आने वाले महीनों में भारत और रूस के शीर्ष नेतृत्व के बीच उच्चस्तरीय संपर्क जारी रहने वाला है।

रूस से भारत को बढ़ रही उर्वरक सप्लाई

मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत के साथ व्यापार को लेकर सकारात्मक बात कही। उन्होंने बताया कि इस साल दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ा है। पुतिन ने कहा कि रूस भारत को उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ा रहा है और भविष्य में भी इसे जारी रखने के लिए तैयार है।

भारत के कृषि क्षेत्र के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में रूस का यह सहयोग दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों का अहम हिस्सा है। पुतिन ने जयशंकर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं पहुंचाने को भी कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि SCO की बैठक के दौरान उन्हें पीएम मोदी से मुलाकात का अवसर मिलेगा।

व्यापार और आर्थिक सहयोग पर भी हुई बातचीत

जयशंकर ने रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से भी मुलाकात की। दोनों के बीच भारत-रूस व्यापार को और बढ़ाने तथा आर्थिक सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर बातचीत हुई।

भारत और रूस के बीच ऊर्जा क्षेत्र पहले से ही रिश्तों का एक मजबूत आधार है। अब दोनों देश व्यापार, निवेश, उर्वरक, परमाणु ऊर्जा और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देने पर जोर दे रहे हैं।

पुतिन के भारत दौरे पर भी नजर

जयशंकर का रूस दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले BRICS नेताओं के शिखर सम्मेलन में भारत आने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News