×

Kiran Kumar Reddy: आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी ने थामा बीजेपी का दामन

Andra Former CM Kiran Kumar Reddy: दक्षिण भारत में कांग्रेस को बड़ा झटका मिला। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता ने भाजपा का हाथ थाम लिया।

Krishna Chaudhary
Published on: 7 April 2023 12:42 PM GMT (Updated on: 7 April 2023 6:38 PM GMT)
Kiran Kumar Reddy: आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी ने थामा बीजेपी का दामन
X
Kiran Kumar Reddy (Image: Social Media)

Kiran Kumar Reddy Joins BJP: दक्षिण भारत में खुद को मजबूत करने में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे किरण कुमार रेड्डी ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। रेड्डी ने पिछले दिनों ही कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने सिर्फ एक लाइन का इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को भेजा था। उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही थीं, जो आज जाकर सच साबित हुई। दिल्ली स्थित बीजेपी दफ्तर में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने विधिवत रूप से बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।

पीएम मोदी से प्रभावित हैं रेड्डी

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने अविभाजित आंध्र प्रदेश के आखिरी मुख्यमंत्री रहे किरण कुमार रेड्डी का बीजेपी में स्वागत करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से काफी प्रभावित हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक विधायक और मंत्री के रूप में किरण रेड्डी की छवि काफी साफ-सुथरी रही है। इसलिए उनके साथ आने से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में मजबूती मिलेगी। आंध्र प्रदेश में बीजेपी के लिए यह एक बड़ा बढ़ावा होगा। रेड्डी के बीजेपी में शामिल होने के मौके पर पार्टी के महासचिव अरूण सिंह और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।

आंध्र प्रदेश के बंटवारे के खिलाफ थे किरण रेड्डी

किरण कुमार रेड्डी आंध्र प्रदेश के उन कद्दावर कांग्रेस नेताओं में शुमार थे, जिन्होंने राज्य के विभाजन का पुरजोर विरोध किया था। तब आंध्र से अलग होकर तेलंगाना अलग राज्य बना तो रेड्डी ही राज्य के मुख्यमंत्री थे। सिंतबर 2009 में तत्कालीन आंध्र प्रदेश सीएम राजशेखर रेड्डी की हवाई दुर्घटना में मौत के बाद के. रोसैया कुछ समय के लिए राज्य के सीएम बने थे।
लेकिन आलाकमान ने जल्द ही उन्हें हटाकर 25 नवंबर 2010 को किरण कुमार रेड्डी को मुख्यमंत्री बना दिया था। सितंबर 1959 में जन्मे रेड्डी 1 मार्च 2014 तक अविभाजित आंध्र प्रदेश के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था। तेलंगाना बनने के वो इतने खिलाफ थे कि उन्होंने विरोध में कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी।
उन्होंने तब जय समैक्य आंध्रा पार्टी बनाई थी। लेकिन पार्टी को कोई चुनावी सफलता नहीं मिली। इसके बाद काफी समय तक राजनीति से दूर रहे रेड्डी 2018 में फिर से कांग्रेस में आ गए। पांच साल बाद मार्च 2023 में एकबार फिर उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया। तभी से उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

आंध्र प्रदेश में अगले साल चुनाव

आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव एक साथ होते हैं। लिहाजा इस दक्षिणी राज्य में अगले साल यानी 2024 में चुनाव होना है। बीजेपी पारंपरिक रूप से यहां काफी कमजोर रही है। उसने अलग-अलग समय पर तेलुगु देशम पार्टी के साथ यहां राज किया है। लेकिन पांच साल पहले टीडीपी के साथ गठबंधन टूटने के बाद से बीजेपी अकेले अपनी जमीन बनाने में जुटी हुई है।
हालांकि, पार्टी के पास राज्य में कोई बड़ा चेहरा नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी आंध्र प्रदेश में इस भगवा दल के नए खेवनहार हो सकते हैं। रेड्डी अपने सजातीय और प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी को कितनी चुनौती दे पाते हैं, ये तो आने वाला समय ही बताएगा।

जेपी नड्डा से मिले किरण कुमार

बीजेपी में शामिल होने के बाद शुक्रवार शाम आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी (Kiran Kumar Reddy) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात की।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story