×

Assam: CM हिमंता का बाल विवाह के खिलाफ अभियान तेज, अब तक हो चुकी हजारों गिरफ्तारियां..जानें क्या है कानून?

Assam Child Marriage Crackdown: असम में बाल विवाह के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। अब तक 2211 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 4 हजार से अधिक केस दर्ज हुए हैं।

aman
Written By aman
Published on: 4 Feb 2023 12:20 PM GMT
Assam Child Marriage Crackdown
X

Himanta Biswa Sarma (Social Media)

Assam Child Marriage Crackdown: असम की हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) सरकार बाल विवाह (Assam Child Marriage) मामले को लेकर इन दिनों सुर्ख़ियों में है। बाल विवाह के आरोप में राज्य में अब तक 2,211 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। विपक्षी पार्टियां और मुस्लिम संगठन मुखर होकर इस पर बोल रहे हैं। बाल विवाह से संबंधित मामले में अब तक 4,074 केस दर्ज किए गए हैं।

असम में गुवाहाटी (Guwahati), विश्वनाथ (Vishwanath), गोलपारा (Goalpara), करीमगंज (Karimganj), मोरी गांव, बोंगाईगांव (Bongaigaon) और जोरहाट (Jorhat) में पुलिसिया कार्रवाई की गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया है कि अब तक पूरे प्रदेश में बाल विवाह से संबंधित करीब 4,074 केस दर्ज किए गए हैं।

सीएम हिमंता बोले- 8,134 लोगों की पहचान

बीजेपी शासित राज्य असम बाल विवाह मामले को लेकर इन दिनों चर्चा में बनी है। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया, कि 'अब तक पूरे प्रदेश में बाल विवाह से संबंधित 4,074 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि, 8,134 लोगों की पहचान हुई है। शनिवार सुबह तक 2,211 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा, हमें करीब 3,500 लोगों को गिरफ्तार करना होगा।'

आखिर क्यों असम में हो रही गिरफ्तारियां?

अब सवाल उठता है कि आखिर असम में इतनी गिरफ्तारियां क्यों हो रही है? आपको बता दें कि, असम में 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ यौन अपराध (Sexual Offenses) से बच्चों का संरक्षण (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। 14-18 साल की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, 2006 (Child Marriage Prevention Act, 2006) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, विवाह को अवैध घोषित किया जाएगा। अगर, लड़के की उम्र भी 14 साल से कम होगी, तो उसे सुधार गृह भेजा जाएगा।

4 हजार से अधिक मामले दर्ज

आपको बता दें, कि असम राज्य मंत्रिमंडल द्वारा 23 जनवरी 2023 को बाल विवाह से जुड़े मामलों में कार्रवाई का निर्णय लिया गया था। जिसके बाद बीते 10 दिनों में स्थानीय पुलिस ने बाल विवाह (Child Marriage) की 4,074 घटनाएं दर्ज की हैं। इस सिलसिले में कई लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी है। असम पुलिस की मानें तो गिरफ्तारियों की वास्तविक संख्या प्रत्येक जिले के आंकड़ों के अध्ययन के बाद ही पता चल सकती है।

एक दिन में 1,800 लोग गिरफ्तार

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को बताया कि, 'असम में बाल विवाह के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा, असम पुलिस ने शुक्रवार को राज्य भर में कम से कम 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया। सीएम सरमा ने आगे कहा, पूरे राज्य में शुक्रवार सुबह तड़के कार्रवाई शुरू हुई। ये आने वाले तीन-चार दिनों तक जारी रहेगी।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story