×

Chhath Maha Parva: छठ महापर्व की महिमा है अपरंपार, जानिए कब और किसने शुरू किया था यह व्रत और सूर्य को अर्ध्य देने की विधि

Chhath Maha Parvaकार्तिक माह में ये पर्व शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से आरंभ होकर सप्तमी तक चलता है। प्रथम दिन यानी चतुर्थी तिथि को ‘नहाय-खाय’ के रूप में मनाया जाता है। आगामी दिन पंचमी को खरना व्रत किया जाता हैं, जानिए इसकी पूरी खबर

Suman  Mishra | Astrologer
Published on: 15 Nov 2023 2:00 AM GMT (Updated on: 15 Nov 2023 2:00 AM GMT)
Chhath Maha Parva: छठ महापर्व की महिमा है अपरंपार, जानिए कब और किसने शुरू किया था यह व्रत और सूर्य को अर्ध्य देने की विधि
X

Chhath Maha Parva: कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को होने वाली छठ पूजा के पर्व की शुरूआत दो दिन पहले चतुर्थी तिथि को नहाय खाय से होती है। इस साल षष्ठी तिथि 19नवंबर को है इसलिए दो दिन पूर्व 17 नवंबर यानी शुक्रवार से चार दिनों के इस त्यौहार की शुरूआत हो जाएगी। वैसे तो इसे पूरे देश में मनाया जाता है लेकिन बिहार, यूपी और झारखंड में इसे खासतौर पर मनाया जाता है।

मान्यता है कि छठ देवी सूर्यदेव की बहन है।इसलिए छठ पर्व पर छठ देवी को प्रसन्न करने के क्रम में सूर्य देव की आराधना की जाती है। किसी भी नदी या सरोवर के तट पर सूर्यदेव की पूजा की जाती है। महाभारत में भी छठ पूजा का उल्लेख किया गया है। पांडवों की माँ कुंती को विवाह से पूर्व सूर्य देव की उपासना कर आशीर्वाद स्वरूप पुत्र की प्राप्ति हुई थी। पांडवों की पत्नी द्रौपदी ने भी उनके कष्ट दूर करने के लिए छठ पूजा की थी।

छठ पर्व की महिमा और कथा

यह कथा देवासुर संग्राम की है। इस संग्राम में जब देवता हार गए तो देवताओं की माता अदिति ने पुत्र प्राप्ति के लिए देव के जंगलों में छठी माता की पूजा-अर्चना की थी। माता अदिति की पूजा से प्रसन्न छठी माता ने उन्हे एक पराक्रमी पुत्र का आर्शीवाद दिया। जिसके बाद माता अदिति के इसी पुत्र ने देवताओं को असुरों पर विजय दिलाई। इस कथा के अनुसार जिस तरह छठी माता ने माता अदिति के दुुखों का निवारण किया था उसी तरह से इस दिन व्रत रखने व छठी माता की पूजा-अर्चना करने से सभी दुखों का निवारण होता है।

कथा के अनुसार लंका विजय के बाद अयोध्या वापस लौटने पर सूर्यवंशी भगवान राम और सीता माता ने व्रत रखा था और सरयू में स्नान करके अपने कुल देवता सूर्य देव की उपासना की और अस्तगामी सूर्य को अध्र्य दे कर पूजा की। जिस दिन भगवान राम ने व्रत रखा था वह तिथि कार्तिक मास की षष्ठी तिथि थी। भगवान राम के इस व्रत को अयोध्या की जनता ने भी अपना लिया और वह भी इस तिथि में व्रत करने लगी। इसके बाद से ही छठ पूजा का प्रचलन शुरू हुआ।

एक कथा के अनुसार एक राजा थे प्रियवंद। राजा प्रियवंद और उनकी पत्नी रानी मालिनी की कोई संतान नहीं थी। पुत्र की अभिलाषा में वह महर्षि कश्यप के पास गए और अपनी व्यथा बताई। महर्षि कश्यप ने उन्हे एक यज्ञ करने को कहा। राजा ने यज्ञ किया और यज्ञ के फलस्वरूप् उन्हे पुत्र प्राप्ति भी हुई लेकिन यह मृत शिशु था। इससे निराश हो कर राजा एवं रानी दोनों ही आत्महत्या करने के लिए तैयार हो गए। इसी समय ब्रह्मा जी की मानस पुत्री देवसेना वहां प्रकट हुई और उन्होंने राजा को अपना परिचय देते हुए कहा कि वह सृष्टि की मूल प्रवृति के छठे अंश से उत्पन्न हुई है इसीलिए उन्हे षष्ठी कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि उनके षष्ठी स्वरूप की पूजा-अर्चना करने पर संतान सुख की प्राप्ति होती है। इस पर राजा प्रियवंद और रानी मालती ने षष्ठी देवी का व्रत और पूजन किया। जिसके बाद उन्हे पुत्र की प्राप्ति हुई। राजा ने यह पूजा कार्तिक मास की षष्ठी तिथि को की थी इसीलिए इस दिन इस व्रत और पूजा को किया जाता है

पौराणिक कथाओं के अनुसार यह भी माना जाता है कि यह भारत के सूर्यवंशी राजाओं के मुख्य पर्वों से एक था। कहा जाता है कि एक समय मगध सम्राट जरासंध के एक पूर्वज का कुष्ठ रोग हो गया था। इस रोग से निजात पाने हेतु राज्य के शाकलद्वीपीय मग ब्राह्मणों ने सूर्य देव की उपासना की थी। जिससे राजा के पूर्वज को कुष्ठ रोग से छुटकारा मिला और तभी से छठ पर सूर्योपासना की प्रातः आरंभ हुई।छठ पूजा वर्ष में दो बार की जाती है। पहला छठ पर्व चैत्र माह में और दूसरा कार्तिक माह में मनाया जाता है। चैत्र शुक्ल पक्ष की षष्ठी चैती छठ और कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को कार्तिकी छठ कहा जाता है।

छठ पर्व चतुर्थी से सप्तमी तक

कार्तिक माह में ये पर्व शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से आरंभ होकर सप्तमी तक चलता है। प्रथम दिन यानी चतुर्थी तिथि को ‘नहाय-खाय’ के रूप में मनाया जाता है। आगामी दिन पंचमी को खरना व्रत किया जाता है और इस दिन संध्याकाळ में उपासक प्रसाद के रूप में गुड-खीर, रोटी और फल आदि का सेवन करते है और अगले 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखते हैं। मान्यता है कि खरन पूजन से ही छठ देवी प्रसन्न होती है और घर में वास करती है। छठ पूजा की अहम तिथि षष्ठी में नदी या जलाशय के तट पर श्रद्धालु एकत्रित होते हैं और उदीयमान सूर्य को अर्ध्य समर्पित कर पर्व का समापन करते हैं। मान्यता है कि छठ व्रत पूर्ण नियम तथा निष्ठा से करने से नि:संतान को संतान सुख की प्राप्ति होती हैं और धन-धान्य की प्राप्ति होती है। उपासक का जीवन सुख-समृद्धि से परिपूर्ण रहता है।

छठ पर्व पूजा विधि

पर्व से दो दिन पूर्व चतुर्थी पर स्नानादि से निवृत्त होकर भोजन किया जाता है।पंचमी को उपवास करके संध्याकाल में किसी तालाब या नदी में स्नान करके सूर्य भगवान को अर्ध्य दिया जाता है। इसके बाद अलोना भोजन किया जाता है। षष्ठी के दिन सुबह स्नानादि के बाद संकल्प लिया जाता है। पूरा दिन निराहार और नीरजा निर्जल रहकर पुनः नदी या तालाब पर जाकर स्नान किया जाता है और सूर्यदेव को अर्ध्य दिया जाता है।

सूर्य को अर्ध्य देने का तरीका

बांस के सूप में केला एवं अन्य फल, अलोना प्रसाद, ईख आदि रखकर उसे पीले वस्त्र से ढक दें। एक दीप जलाकर सूप में रखें और सूप को दोनों हाथों में लेकर निम्न मन्त्र का उच्चारण करते हुए तीन बार अस्त होते हुए सूर्यदेव को अर्ध्य दें।

॥ऊं एहि सूर्य सहस्त्रांशों तेजोराशे जगत्पते। अनुकम्पया मां भवत्या गृहाणार्ध्य नमोअस्तुते॥

Suman  Mishra | Astrologer

Suman Mishra | Astrologer

एस्ट्रोलॉजी एडिटर

मैं वर्तमान में न्यूजट्रैक और अपना भारत के लिए कंटेट राइटिंग कर रही हूं। इससे पहले मैने रांची, झारखंड में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में रिपोर्टिंग और फीचर राइटिंग किया है और ईटीवी में 5 वर्षों का डेस्क पर काम करने का अनुभव है। मैं पत्रकारिता और ज्योतिष विज्ञान में खास रुचि रखती हूं। मेरे नाना जी पंडित ललन त्रिपाठी एक प्रकांड विद्वान थे उनके सानिध्य में मुझे कर्मकांड और ज्योतिष हस्त रेखा का ज्ञान मिला और मैने इस क्षेत्र में विशेषज्ञता के लिए पढाई कर डिग्री भी ली है Author Experience- 2007 से अब तक( 17 साल) Author Education – 1. बनस्थली विद्यापीठ और विद्यापीठ से संस्कृत ज्योतिष विज्ञान में डिग्री 2. रांची विश्वविद्यालय से पत्राकरिता में जर्नलिज्म एंड मास कक्मयूनिकेश 3. विनोबा भावे विश्व विदयालय से राजनीतिक विज्ञान में स्नातक की डिग्री

Next Story