×

जिंदगी में कुछ बातों पर न करें समझौता

raghvendra
Published on: 25 Aug 2018 8:19 AM GMT
जिंदगी में कुछ बातों पर न करें समझौता
X

लोग मानते हैं कि सफल, सुकून भरे जीवन के लिए हर एक को कुछ समझौते करने पड़ते हैं। लेकिन कुछ चीजों में समझौते करने से पहले हमें बहुत अच्छी तरह से सोचना चाहिए। क्योंकि कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिनमें समझौते करने से अंत में हमारे हाथ सिवाय पछतावे के और कुछ नहीं बचता।

हेल्थ के बारे में

अपनी या अपनों की हेल्थ के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए। ऐसा कतई न सोचें कि आप अपने स्वास्थ्य से समझौता करके अच्छा कर रहे हैं। जब हमें जिंदगी एक बार मिलती है तो फिर हम क्यों इसे अपनी लापरवाही से गवाएं? स्वास्थ्य के लिए न सिर्फ डाइट प्लान सही रखना चाहिए वरन एक्सरसाइज भी करते रहना चाहिए। सेहत सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक तौर पर भी उत्तम रहनी चाहिए।

पेशे में बाधक न बनें

हमारा पेशा या करिअर ही हमारा भविष्य तय करता है। भविष्य अच्छा और उज्वल होगा या घोर अंधकार में जाएगा, ये सब हमारे काम से ही सुनिश्चित होता है। इसलिए पेशा चुनते वक्त कतई समझौता न करें। किसी और की न सुनें। कॅरिअर चयन के समय अनुभवियों को सुनें, उन्हें समझें। कॅरिअर एक बेहद संवेदनशील मुद्दा होता है। इसमें जऱा भी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

सिद्धांतों पर बने रहें

सिद्धांत ही हमारा कैरेक्टर बनाते हैं। अगर आप अपने निजी जीवन में सैद्धांतिक हैं, उनका सम्मान करते हैं तो किसी के लिए भी उनमें समझौता करना सही नहीं है। सिद्धांतों से समझौता करने पर हमें हार का एहसास होता है और हमेशा जलालत महसूस होती रहती है। ये नकारात्मक ऊर्जा के साथ हमारे जीवन में प्रवेश करता है। इससे हम जीवन के हर स्तर पर खुद को सबसे निचले पायदान पर पाते हैं। इस तरह की सोच से बचने के लिए जरूरी है कि अपने सिद्धांतों को सर्वोपरि रखा जाए और समझौता कतई न किया जाए।

अपने आप पर भरोसा

सही और गलत राह में किसी एक को चुनना मुश्किल नहीं है। समस्या तब आती है जब दोनों राहें सही हों। लेकिन उनमें से एक हमारी तकदीर पलटने का सामथ्र्य रखती हो। हमारा खुद पर विश्वास इन दो राहों के चयन के समय ही नजर आता है। हम दूसरों पर आसानी से विश्वास कर लेते हैं जबकि खुद पर विश्वास करना हमारे लिए चुनौती बन जाती है। मनोचिकित्सकों की मानें तो खुशहाल जीवन के लिए खुद पर विश्वास रखना जरूरी है। मरीज भी तभी ठीक होता है जब वह खुद पर विश्वास करता है।

रिश्तों पर भरोसा रखें

रिश्तों पर से भरोसा उठना जिंदगी की सबसे बड़ी असफलता के रूप में लिया जा सकता है। जी, हां! सम्बंध विशेषज्ञ मानते हैं कि रिश्तों की सफलता-असफलता हमारा कॅरिअर, स्वास्थ्य आदि सब तय करते हैं। अत: रिश्तों पर भरोसा रखें ताकि जीवन खुशमय हो सके।

raghvendra

raghvendra

राघवेंद्र प्रसाद मिश्र जो पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद एक छोटे से संस्थान से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में रायपुर से प्रकाशित दैनिक हरिभूमि व भाष्कर जैसे अखबारों में काम करने का मौका मिला। राघवेंद्र को रिपोर्टिंग व एडिटिंग का 10 साल का अनुभव है। इस दौरान इनकी कई स्टोरी व लेख छोटे बड़े अखबार व पोर्टलों में छपी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई।

Next Story