×

Narak Chaturdashi 2021 Me Kab Hai : नरक चतुर्दशी का शुभ मुहूर्त व पूजा विधि, जानिए इस दिन से जुड़ी कथा और किए जाने वाले उपाय

Narak Chaturdashi 2021 Me Kab Hai :भगवान कृष्ण और देवी काली ने नरकासुर का वध करके उसके बुरे कर्मों का अंत किया था। यह त्योहार उनकी जीत की याद दिलाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण ने राक्षस को मारने के बाद ब्रह्म मुहूर्त के समय तेल स्नान किया था। इसलिए सूर्योदय से पहले पूरे विधि-विधान से तेल स्नान करना अत्यंत शुभ माना जाता है।

Suman  Mishra | Astrologer
Published on: 2 Nov 2021 4:30 AM GMT (Updated on: 2 Nov 2021 7:14 AM GMT)
Narak Chaturdashi Kab Hai
X

सांकेतिक तस्वीर ( सौ. से सोशल मीडिया)

Narak Chaturdashi Kab Hai नरक चतुर्दशी कब है?

कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी ( Narak Chaturdashi )तिथि के दिन दीपावली से एक दिन पहले मृत्यु के देवता यमराज की पूजा का विधान है। दीपावली (Deepawali ) से एक दिन पहले मनाई जाने वाली नरक चतुर्दशी के दिन संध्या के बाद दीपक प्रज्जवलित किए जाते हैं। इस दिन यमराज का पूजन कर अकाल मृत्यु से बच सकते हैं। नरक चतुर्दशी को छोटी दीपावली और काली चौदस भी कहते हैं। इस बार नरक चतुर्दशी 3 नवंबर को है।

नरक चतुर्दशी का महत्व

धर्मानुसार भगवान श्रीकृष्ण ( Shri Krishna) ने कार्तिक माह में कृष्ण चतुर्दशी के दिन नरकासुर का वध करके देवताओं व ऋषियोंको उसके आतंक से मुक्ति दिलवाई थी। इसके साथ ही कृष्ण भगवान ने सोलह हज़ार कन्याओं को नरकासुर के बंदीगृह से मुक्त करवाया। इसी उपलक्ष्य में नगरवासियों ने नगर को दीपों से प्रकाशित किया और उत्सव मनाया। तभी से नरक चतुर्दशी का त्यौहार मनाया जाने लगा। भगवान कृष्ण और देवी काली ने नरकासुर का वध करके उसके बुरे कर्मों का अंत किया। यह त्योहार उनकी जीत की याद दिलाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण ने राक्षस को मारने के बाद ब्रह्म मुहूर्त के समय तेल स्नान किया था। इसलिए सूर्योदय से पहले पूरे विधि-विधान से तेल स्नान करना अत्यंत शुभ माना जाता है।



नरक चतुर्दशी का शुभ मुहूर्त कब है


नरक चतुर्दशी का शुभ मुहूर्त 3 नंबर 2021 को सुबह 09:02 से चतुर्दशी तिथि आरंभ होकर 4 नंबर 2021 प्रात: 06:03 पर समाप्त होगी। इस दिन पूजा का शुभ समय

  • अमृत काल– 01:55 से 03:22 तक।
  • ब्रह्म मुहूर्त– 05:02 से 05:50 तक।
  • विजय मुहूर्त - दोपहर 01:33 से 02:17 तक।
  • गोधूलि मुहूर्त- शाम 05:05 से 05:29 तक।
  • निशिता मुहूर्त- रात्रि 11:16 से 12:07 तक।

शुभ चौघड़िया

  • लाभ : 06:38 am से 08:00 amतक।
  • अमृत : 08:00 am से 09:21am तक।
  • शुभ : 10:43 am से 12:04 am तक।
  • लाभ : 04:08 pm से 05:30 pm तक।
  • शुभ : 07:09 pmसे 08:47 pmतक।
  • अमृत : 08:47 pm से 10:26pm तक।
  • लाभ : 03:22 am से 05:00 am तक।


नरक चतुर्दशी पूजा विधि

  • इस दिन सबसे पहले लकड़ी की चौकी लें और पूजा के स्थान पर लाल कपड़ा रखें। उस पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी का चित्र लगाएं। एक प्लेट लें और उसके ऊपर पहले एक लाल कपड़ा रखें और फिर उस पर कुछ चांदी के सिक्के रखें। अब एक बड़ी प्लेट लें, बीच में स्वास्तिक बनाएं, 11 दीये चारों ओर रखें और प्लेट के बीच में 4 चेहरों वाला एक दीया रखें।
  • अब 11 दीयों में चीनी डालें या आप मखाना, खील या मुरमुरा भी डाल सकते हैं.
  • अब रोली लें और लाल रंग और चावल से देवी लक्ष्मी और सरस्वती और भगवान गणेश पर तिलक करें। सभी दीयों में रोली और चावल का मिश्रण डालें और फिर गणेश लक्ष्मी पंचोपचार पूजा करें।
  • इसके बाद एक और दीया जलाकर इसे देवी लक्ष्मी की तस्वीर के सामने रखना है। अगरबत्ती और धूप जलाएं और देवी लक्ष्मी के चित्र के सामने फूल और मिठाई रखें। ७ दीये और एक मुख्य ४ मुखी दीयों को छोड़कर बाकी के दीयों को लेकर घर के मुख्य द्वार पर रख दें। 108 बार लक्ष्मी मंत्र "श्रीं स्वाहा" का पाठ करें ।

ऐसा माना जाता हैं कि जो व्यक्ति नरक चतुर्दशी के दिन सूर्य के उदय होने के बाद नहाता हैं। उसके द्वारा पूरे वर्ष भर में किये गये शुभ कार्यों के फल की प्राप्ति नहीं होती। सूर्य उदय से पहले स्नान करने के बाद दक्षिण मुख करके हाथ जोड़कर यमराज से प्रार्थना करें। ऐसा करने से व्यक्ति के द्वारा किये गये वर्ष भर के पापों का नाश हो

इस दिन विशेष पूजा की जाती है । इसके लिए एक थाल को सजाकर उसमें एक चौमुख दिया जलाते हैं तथा सोलह छोटे दीप और जलाएं ,फिर रोली खीर, गुड़, अबीर, गुलाल, तथा फूल इत्यादि से ईष्ट देव की पूजा करें। इसके बाद अपने कार्य स्थान की पूजा करें. पूजा के बाद सभी दीयों को घर के अलग अलग स्थानों पर रख दें तथा गणेश एवं लक्ष्मी के आगे धूप दीप जलाएं। इसके पश्चात संध्या समय दीपदान करते हैं जो यम देवता, यमराज के लिए किया जाता है। विधि-विधान से पूजा करने पर व्यक्ति सभी पापों से मुक्त हो प्रभु को पाता है।

नरक चतुर्दशी कथा

प्राचीन समय में एक रन्तिदेव नामक राजा था। वह हमेशा धर्म – कर्म के काम में लगा रहता था। जब उनका अंतिम समय आया तब उन्हें लेने के लिए यमराज के दूत आये और उन्होंने कहा कि राजन अब आपका नरक में जाने का समय आ गया हैं। नरक में जाने की बात सुनकर राजा हैरान रह गये और उन्होंने यमदूतों से पूछा की मैंने तो कभी कोई अधर्म या पाप नहीं किया। मैंने हमेशा अपना जीवन अच्छे कार्यों को करने में व्यतीत किया। तो आप मुझे नरक में क्यों ले जा रहे हो। इस प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने बताया कि एक बार राजन तुम्हारे महल के द्वारा एक ब्राहमण आया था जो भूखा ही तुम्हारे द्वारा से लौट गया। इस कारण ही तुन्हें नरक में जाना पड रहा हैं।

राजा ने यमराज से अपनी गलती को सुधारने के लिए एक वर्ष का अतिरिक्त समय देने की प्रार्थना की। यमराज ने राजा के द्वारा किये गये नम्र निवेदन को स्वीकार कर लिया और उन्हें एक वर्ष का समय दे दिया। यमदूतों से मुक्ति पाने के बाद राजा ऋषियों के पास गए और उन्हें पूर्ण वृतांत विस्तार से सुनाया। यह सब सुनकर ऋषियों ने राजा को एक उपाय बताया। जिसके अनुसार ही उसने कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन व्रत रखा और ब्राहमणों को भोजन कराया जिसके बाद उसे नरक जाने से मुक्ति मिल गई। उस दिन से पाप और नर्क से मुक्ति हेतु भूलोक में कार्तिक चतुर्दशी के दिन का व्रत प्रचलित है।

नरक चतुर्दशी के इन टोटकों से होगा लाभ

  • नरक चतुर्दशी के दिन लाल चंदन, गुलाब के फूल व रोली के पैकेट की पूजा करें बाद में उन्हें एक लाल कपड़ें में बांधकर तिजोरी में रख दे। इस उपाय को करने से धन की प्राप्ति होती है और धन घर में रुकता भी है।
  • इस दिन स्नान से पहले तिल के तेल से मालिश करें। कार्तिक के महीने में जो लोग तेल का इस्तेमाल नहीं करते है वह भी इस दिन तेल लगा सकते हैं। ऐसी मान्यता है की इस दिन तेल में लक्ष्मी जी का और जल में गंगा जी का वास होता हैं।
  • नरक चतुर्दशी के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर लेना चाहिए। स्नान के बाद यमराज का तर्पण करके तीन अंजलि जल अर्पित करना चाहिए।
  • नरक चतुर्दशी के दिन स्नान करने के पश्चात पति-पत्नी दोनों को विष्णु मंदिर और कृष्ण मंदिर में दर्शन करने चाहिए। इससे व्यक्ति के सभी पाप नष्ट होते है और रूप सौंदर्य की प्राप्ति होती है। सनत कुमार संहिता के अनुसार नरक चतुर्दशी के दिन यमराज के निमित दीप दान करने से पितरों को भी स्वर्ग का मार्ग दीखता है और उनको नरक से मुक्ति मिलती है।
  • नरक चतुर्दशी के दिन भगवान वामन ओर राजा बलि का स्मरण करना चाहिए ऐसा करने से लक्ष्मी जी स्थायी रूप से आपके घर में निवास करती हैं। वामन पुराण की कथा के अनुसार जब राजा बलि के यज्ञ को भंग करके वामन भगवान ने तीन पग में सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को नाप लिया था तब राजा बली के द्वारा मांगे वर के अनुसार जो मनुष्य इस पर्व पर दीप दान करेगा उसके यहाँ स्थिर लक्ष्मी का वास होगा।

Suman  Mishra | Astrologer

Suman Mishra | Astrologer

एस्ट्रोलॉजी एडिटर

मैं वर्तमान में न्यूजट्रैक और अपना भारत के लिए कंटेट राइटिंग कर रही हूं। इससे पहले मैने रांची, झारखंड में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में रिपोर्टिंग और फीचर राइटिंग किया है और ईटीवी में 5 वर्षों का डेस्क पर काम करने का अनुभव है। मैं पत्रकारिता और ज्योतिष विज्ञान में खास रुचि रखती हूं। मेरे नाना जी पंडित ललन त्रिपाठी एक प्रकांड विद्वान थे उनके सानिध्य में मुझे कर्मकांड और ज्योतिष हस्त रेखा का ज्ञान मिला और मैने इस क्षेत्र में विशेषज्ञता के लिए पढाई कर डिग्री भी ली है Author Experience- 2007 से अब तक( 17 साल) Author Education – 1. बनस्थली विद्यापीठ और विद्यापीठ से संस्कृत ज्योतिष विज्ञान में डिग्री 2. रांची विश्वविद्यालय से पत्राकरिता में जर्नलिज्म एंड मास कक्मयूनिकेश 3. विनोबा भावे विश्व विदयालय से राजनीतिक विज्ञान में स्नातक की डिग्री

Next Story