Sharad Purnima 2022 Upay: शरद पूर्णिमा पर करें ये उपाय, कभी नहीं होगी धन की कमी

Sharad Purnima 2022 Upay: हिन्दू मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा तिथि मनोकामना पूर्ण करने वाली मानी जाती है। इसके साथ ही इस दिन पूजा के साथ कुछ विशेष उपाय करने से मां लक्ष्मी की कृपा के साथ जीवन में खुशियां और समृद्धि आती है।

Preeti Mishra
Written By Preeti Mishra
Published on: 9 Oct 2022 4:46 AM GMT (Updated on: 9 Oct 2022 4:46 AM GMT)
Sharad Purnima
X

Sharad Purnima (Image credit : social media)

2022 Sharad Purnima Upay: शरद पूर्णिमा का त्यौहार इस वर्ष 09 अक्टूबर दिन रविवार को मनाया जाएगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार, शरद पूर्णिमा आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर मनाई जाती है। कई जगहों पर यह रास पूर्णिमा, कोजागरी पूर्णिमा या फिर कौमुदी व्रत के नाम से भी प्रचलित है। बता दें कि शरद पूर्णिमा के दिन चंद्रमा पृथ्वी के बेहद निकट होता है और चंद्रमा की 16 कलाओं की आभा पृथ्वी के प्रत्येक जीव को प्रभावित करती है। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा से निकलने वाली किरणें अमृत के समान ही मानी जाती हैं।

पौराणिक धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात धन की देवी लक्ष्मी धरती पर विचरण करने आती हैं। कहा जाता है कि इस दिन देवी लक्ष्मी धरती पर आकर अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा तिथि मनोकामना पूर्ण करने वाली मानी जाती है। इसके साथ ही इस दिन पूजा के साथ कुछ विशेष उपाय करने से मां लक्ष्मी की कृपा के साथ जीवन में खुशियां और समृद्धि आती है। इतना ही नहीं इस दिन चंद्र दर्शन मात्र से व्यक्ति हर बीमारी से छुटकारा भी पा सकता है।

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक़ शरद पूर्णिमा के दिन कुछ खास उपाय करके व्यक्ति अपनी हर समस्या से छुटकारा भी पाने के साथ ही धन वैभव, खुशहाली और संपदा भी पा सकता है।

तो आइए जानते हैं कि शरद पूर्णिमा पर इन विशेष उपायों को करने से प्राप्त होती है माँ लक्ष्मी की कृपा

पैसों की तंगी दूर करें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए शरद पूर्णिमा की रात मां लक्ष्मी की पूजा करने के साथ ही 5 कौड़ियां मां के चढ़ा दें । फिर दूसरे दिन लाल या पीले रंग के कपड़े में इन कौड़ियों को लपेटकर अपनी तिजोरी में रख लें।

निरोगी बनाता है ये उपाय

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अगर आपके घर का कोई न कोई सदस्य बीमार रहता है, तो ऐसे में आप शरद पूर्णिमा के रात को छत में खीर बना कर रख दें। इसी खीर को दूसरे दिन रोगी को खिला दें। आस्था है कि इस खीर का सेवन करने रोगी मनुष्य निरोगी हो जाता है।

बिजनेस और नौकरी में मिलता है मुनाफा

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार बिजनेस में लगातार बढ़ोतरी के साथ नौकरी में प्रमोशन पाने के लिए शरद पूर्णिमा के दिन हनुमान जी के सामने चौमुखी दीपक जलाना चाहिए।

सुख-समृद्धि की वृद्धि के लिए तुलसी पूजा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा के दिन स्नान करने के बाद तुलसी पूजन करके शाम को दीपक जलाएं। कहा जाता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि की वृद्धि होती है।

मां लक्ष्मी के साथ होगी भगवान विष्णु की कृपा प्राप्ति

धार्मिक आस्थाओं के अनुसार मां लक्ष्मी के साथ होगी भगवान विष्णु की कृपा प्राप्ति के लिए मां तुलसी को सफेद रंग की कोई मिठाई का भोग लगाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की भी कृपा की प्राप्ति होती है।

मां लक्ष्मी को जरूर लगाएं ये भोग

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा पर मां लक्ष्मी को सिंघाड़ा, दही, मखाना, बताशा और पान का भोग लगाने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी।

आँखों की रौशनी होती है तेज़

मान्यता है कि शरद पूर्णिमा के दिन चंद्रमा की रोशनी से अमृत बरसता है। इसलिए इस दिन त्राटक क्रिया करना बेहद लाभकारी होता है। जिससे आँखों की रौशनी तेज़ होती है।

Preeti Mishra

Preeti Mishra

Content Writer (Health and Tourism)

प्रीति मिश्रा, मीडिया इंडस्ट्री में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी काम करने का तजुर्बा है। हेल्थ, लाइफस्टाइल, और टूरिज्म के साथ-साथ बिज़नेस पर भी कई वर्षों तक लिखा है। मेरा सफ़र दूरदर्शन से शुरू होकर DLA और हिंदुस्तान होते हुए न्यूजट्रैक तक पंहुचा है। मैं न्यूज़ट्रैक में ट्रेवल और टूरिज्म सेक्शन के साथ हेल्थ सेक्शन को लीड कर रही हैं।

Next Story