×

Shiv Mahapuran Mahatmya: शिव महापुराण महात्मय, भगवान शिव हैं अजन्मे

Shiv Mahapuran Mahatmya: भारत ही नहीं, अपितु समस्त विश्व में शिव की आराधना किसी न किसी रूप में की जाती है। सर्वाधिक प्राचीन देवों में भगवान आशुतोष शिव को इस सृष्टि का नियन्ता, पालनकर्ता और संहारक माना गया है।

By
Published on: 19 April 2023 6:30 PM GMT
Shiv Mahapuran Mahatmya: शिव महापुराण महात्मय, भगवान शिव हैं अजन्मे
X
Shiv Mahapuran Mahatmya (Pic: Newstrack)

Shiv Mahapuran Importance: हिंदू संस्कृति में कल्याणकारी सदाशिव का स्थान सभी देवताओं में सर्वोपरि है। भारत ही नहीं, अपितु समस्त विश्व में शिव की आराधना किसी न किसी रूप में की जाती है। सर्वाधिक प्राचीन देवों में भगवान आशुतोष शिव को इस सृष्टि का नियन्ता, पालनकर्ता और संहारक माना गया है। उन्हीं की इच्छा से इस सृष्टि का आविर्भाव होता है और उन्हीं की इच्छा से इसका विनाश होता है।

प्रस्तुत 'शिव पुराण' में भगवान शिव के माहात्म्य, लीला और उनके कल्याणकारी स्वरूप का विस्तृत वर्णन किया गया है। योगेश्वर भगवान शिव महामंडित महादेव हैं। वे अनादि सिद्ध परमेश्वर और सभी देवों में प्रधान हैं। वेदों में भगवान शिव को अजन्मा, अव्यक्त, सबका कारण, विश्वस्रष्टा और संहारक माना गया है। शिव का अर्थ है कल्याणस्वरूप अर्थात सभी का भला करने वाला। वे देव-दानव, गंधर्व, किन्नर, मनुष्य, ऋषि-मुनि, सिद्ध, योगी, तपस्वी, संन्यासी, भक्त और नास्तिकों का भी कल्याण करने वाले हैं। विश्व कल्याण के लिए वे स्वयं गरल का पान करने वाले नीलकंठ हैं और संसार में प्रलय मचाने वाले नटराज। वे स्वयंभू भगवान हैं और सभी देव-दानवों के आराध्य हैं।

इस महापुराण में शिवतत्व का विशद् विवेचन किया गया है। सरल गद्य भाषा में शिव के विविध अवतारों, नामों, लीलाओं, उनकी पूजा विधि, पंचाक्षर मंत्र की महत्ता, अनेकानेक ज्ञानप्रद आख्यान, शिक्षाप्रद तथा उद्देश्यपरक कथाओं का अत्यंत सुंदर आकलन किया गया है। इस पुराण में प्रयास किया गया है कि भाषा को सरल से सरल रखा जाए, ताकि श्रद्धालु पाठक शिव के कल्याणकारी स्वरूप और शिवतत्व के मर्म को सहज रूप से हृदयंगम कर सकें। हमें विश्वास है कि श्रद्धालु और जिज्ञासुजन इस महान पुराण का अनुशीलन करके अपने जीवन को उपकृत कर पाएंगे। क्योंकि शिव ही एक ऐसे परम ब्रह्म हैं, जो अच्छे-बुरे सभी के लिए सहज सुलभ हैं। यह उनकी विलक्षणता और अद्वितीयता ही है कि जहां अन्य साधनाओं में तमोगुण की उपेक्षा की जाती है, वहीं शिव तमोगुण का परिष्कार कर उसे 'सत्व' के रूप में परिवर्तित कर देते हैं। विष को स्वस्थ रखने की औषधि बनाने की युक्ति-साधना शिव के अलावा और कौन बताएगा। तभी तो महादेव हैं ये। इसीलिए उन्हें भोलेनाथ कहा जाता है। शिव संकल्पमस्तु !

सूत जी द्वारा शिव पुराण की महिमा का वर्णन

श्री शौनक जी ने पूछा-महाज्ञानी सूत जी, आप संपूर्ण सिद्धांतों के ज्ञाता हैं। कृपया मुझसे पुराणों के सार का वर्णन करें। ज्ञान और वैराग्य सहित भक्ति से प्राप्त विवेक की वृद्धि कैसे होती है? तथा साधुपुरुष कैसे अपने काम, क्रोध आदि विकारों का निवारण करते हैं? इस कलियुग में सभी जीव आसुरी स्वभाव के हो गए हैं। अतः कृपा करके मुझे ऐसा साधन बताइए, जो कल्याणकारी एवं मंगलकारी हो तथा पवित्रता लिए हो। प्रभु, वह ऐसा साधन हो, जिससे मनुष्य की शुद्धि हो जाए और उस निर्मल हृदय वाले पुरुष को सदैव के लिए 'शिव' की प्राप्ति हो जाए।

श्री सूत जी ने उत्तर दिया- शौनक जी आप धन्य हैं, क्योंकि आपके मन में पुराण कथा को सुनने के लिए अपार प्रेम व लालसा है। इसलिए मैं तुम्हें परम उत्तम शास्त्र की कथा सुनाता हूं। वत्स! संपूर्ण सिद्धांत से संपन्न भक्ति को बढ़ाने वाला तथा शिवजी को संतुष्ट करने वाला अमृत के समान दिव्य शास्त्र है- 'शिव पुराण'। इसका पूर्व काल में शिवजी ने ही प्रवचन किया था। गुरुदेव व्यास ने सनत्कुमार मुनि का उपदेश पाकर आदरपूर्वक इस पुराण की रचना की है। यह पुराण कलियुग में मनुष्यों के हित का परम साधन है।

'शिव पुराण' परम उत्तम शास्त्र है। इस पृथ्वीलोक में सभी मनुष्यों को भगवान शिव के विशाल स्वरूप को समझना चाहिए। इसे पढ़ना एवं सुनना सर्वसाधन है। यह मनोवांछित फलों को देने वाला है। इससे मनुष्य निष्पाप हो जाता है तथा इस लोक में सभी सुखों का उपभोग करके अंत में शिवलोक को प्राप्त करता है।

'शिव पुराण' में चौबीस हजार श्लोक हैं, जिसमें सात संहिताएं हैं। शिव पुराण परब्रह्म परमात्मा के समान गति प्रदान करने वाला है। मनुष्य को पूरी भक्ति एवं संयमपूर्वक इसे सुनना चाहिए। जो मनुष्य प्रेमपूर्वक नित्य इसको बांचता है या इसका पाठ करता है, वह निःसंदेह पुण्यात्मा है। भगवान शिव उस विद्वान पुरुष पर प्रसन्न होकर उसे अपना धाम प्रदान करते हैं। प्रतिदिन आदरपूर्वक शिव पुराण का पूजन करने वाले मनुष्य संसार में संपूर्ण भोगों को भोगकर भगवान शिव के पद को प्राप्त करते हैं। वे सदा सुखी रहते हैं।

शिव पुराण में भगवान शिव का सर्वस्व है। इस लोक और परलोक में सुख की प्राप्ति के लिए आदरपूर्वक इसका सेवन करना चाहिए। यह निर्मल शिव पुराण धर्म, अर्थ, काम और मोक्षरूप चारों पुरुषार्थों को देने वाला है। अतः सदा प्रेमपूर्वक इसे सुनना एवं पढ़ना चाहिए।

(कंचन सिंह)

Next Story