TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

सूर्य का तुला राशि में गोचर, बदल जाएगी आपकी दशा और दिशा

By
Published on: 17 Oct 2017 6:50 AM GMT
सूर्य का तुला राशि में गोचर, बदल जाएगी आपकी दशा और दिशा
X

सहारनपुर: ज्योतिष के अनुसार सूर्य देव मनुष्य के जीवन में आत्मा, स्वास्थ्य, पिता और उदारवादी जीवनशैली का प्रतिनिधित्व करते हैं। सूर्य प्रधान जातक सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्र में उच्च पदों पर आसीन अधिकारी होते हैं। सिंह राशि का स्वामी सूर्य 17 अक्टूबर 2017 को दोपहर 12:50 पर तुला राशि में गोचर कर रहा है और 16 नवंबर 2017 को दोपहर 12:56 तक इसी राशि में स्थित रहे।

मेष: सूर्य आपकी राशि से सातवें भाव में गोचर करेगा, जिस कारण आपको अपने वैवाहिक जीवन में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। भाई-बहन के साथ भी मतभेद हो सकते हैं। यदि समय रहते हुए मतभेदों को सुलझाया नहीं गया तो इससे रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं। सूर्य के प्रभाव से स्वभाव में अहंकार और क्रोध की वृद्धि हो सकती है। पार्टनरशिप में यदि बिजनेस कर रहे हैं तो उसमें भी बाधा उत्पन्न हो सकती है। जीवनसाथी को सेहत से संबंधित परेशानी हो सकती है। बच्चों को खास ख़्याल रखने की सलाह दी जाती है। घर-परिवार में अशांति रहने के कारण मन में बेचैनी सी रहेगी। प्रेम संबंधों में भी टकराव संभव है। इस दौरान बच्चे अपने लक्ष्य के प्रति दृंढ़ निश्चयी रहेंगे।

उपाय- ‘’ॐ ह्रां ह्रीं ह्रोम सः सूर्याय नमः’’ मंत्र का उच्चारण करें।

वृषभ: सूर्य आपकी राशि से छठे भाव में गोचर करेगा। इस दौरान आप अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहेंगे और उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। आप काफी प्रतिस्पर्धी होंगे और विपरीत लिंग के जातकों के साथ होने वाली प्रतियोगिता में आगे बढ़ेंगे। सफलता छात्रों के कदम चूमेगी। आप इस अवधि में अपने विरोधियों को कमजोर करके उन्हें पराजित कर देंगे। संपत्ति से संबंधित छोटे-मोटे विवाद उत्पन्न हो सकते हैं लेकिन अंत में फैसला आपके पक्ष में ही आएगा। सेहत में पहले की तुलना में सुधार होगा और आप अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहेंगे। सरकारी नीतियों से मिलने वाला लाभ आपके जीवन में खुशी लाएगा।

उपाय- सूर्य देव को पानी में भीगे लाल फूल व सिंदूर अर्पित करें।

आगे की स्लाइड में पढ़ें मिथुन और कर्क राशिफल

मिथुन: सूर्य आपकी राशि से पांचवें भाव में प्रवेश करेगा। करियर में बढ़ोत्तरी हासिल होगी। हालांकि बच्चों को पढ़ाई में ध्यान लगाने में कुछ दिक्कत हो सकती है। प्रेम संबंधों के लिए ये वक्त उचित नहीं है। विवादों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। दिमाग में कई तरह की उलझने रहेंगी जिससे आपको फैसला करने में मुश्किल हो सकती है। आर्थिक स्थिति कमज़ोर हो सकती है। इस अवधि में धन से जुड़े मामलों में लाभ की संभावना कम है इसलिए पैसों पैसों का निवेश सोच-समझकर करें। आपका स्वास्थ्य कमज़ोर पड़ सकता है इसलिए डाइट में संतुलित आहार को शामिल करें। जीवनसाथी की तलाश इस दौरान पूरी हो सकती है।

उपाय- रविवार के दिन भगवान विष्णु के मंदिर में शुद्ध घी चढ़ाएं।

कर्क: आपकी राशि से सूर्य चौथे भाव में गोचर करेगा। इस दौरान आपकी मां को सेहत से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं और आप मानसिक तनाव से ग्रस्त हो सकते हैं। ये तनाव आपके चेहरे पर भी नज़र आएगा। घरेलू ज़िंदगी के लड़ाई-झगड़े केवल शादीशुदा जीवन ही नहीं कार्यस्थल पर भी प्रभाव डाल सकते हैं। समय रहते यदि इन समस्याओं का समाधान न निकाला गया तो आपके लिए ये घातक हो सकती है। आपके जीवनसाथी को करियर से संबंधित कोई नया समाचार प्राप्त हो सकता है। आप अपनी तरफ से अच्छा कार्य करेंगे। हो सकता है कि इस दौरान आप दूसरों पर हावी रहें। दिखावे से खुद को बचाएं रखें।

उपाय- सूर्य भगवान को रोजाना जल चढ़ाएं।

आगे की स्लाइड में पढ़ें सिंह और कन्या राशिफल

सिंह: सूर्य आपकी राशि से तीसरे भाव में प्रवेश करेगा। इस दौरान आपके स्वास्थ्य में सुधार होगा। पुरानी बीमारी से छुटकारा मिलेगा। संभव है कि भाई-बहनों को इस दौरान किसी परेशानी का सामना करना पड़े। करियर में एक नया मुकाम़ हासिल होगा, प्रमोशन या वेतन बढ़ने की संभावना है। सामाजिक स्तर भी ऊंचा होगा। छोटी-छोटी यात्राएं आपको व्यस्त रखेंगी लेकिन इसके चलते आराम में ख़लल आ जाएगा। सरकार या सरकारी अफसरों द्वारा हासिल हुआ लाभ आपको खुशी देगा। विपरीत लिंग के जातकों के संग सौहार्दपूर्ण संबंध बनाएं रखें। धर्म-कर्म से जुड़े कार्यों में अपना ध्यान लगाएं। काम के वक्त आलस व सुस्ती न दिखाएं।

उपाय- रविवार से रोजाना आदित्य हृदय स्त्रोत का जाप आरंभ करें।

कन्या: सूर्य आपकी राशि से दूसरे भाव में गोचर करेगा। इस दौरान वाणी में कड़वाहट आ जाने से रिश्तों की मिठास फीकी पड़ सकती है। परिवार में विवाद हो सकते हैं लेकिन आपको अपने गुस्से पर काबू रखना है और अपशब्द कहने से बचना है। परिवार के सदस्यों की सेहत का ख़्याल रखें। आंखों से संबंधित रोग होने के ज़्यादा आसार हैं। थोडे़ से बचाव के तरीकों को अपनाकर होने वाली हानि से बचा जा सकता है। विदेशी ज़मीन से धन व समृद्धि की प्राप्ति होगी। ख़र्चों पर नियंत्रण करने के कारण आप अपने सुखों में कटौती कर सकते हैं।

उपाय- श्री हरिवंश पुराण को सुनें या जाप करें।

आगे की स्लाइड में पढ़ें तुला और वृश्चिक राशिफल

तुला: सूर्य आपकी राशि में गोचर करेगा और लग्न भाव यानि प्रथम भाव में स्थित रहेगा। इस दौरान सेहत से संबंधित कुछ समस्याएं परेशान कर सकती हैं। अहंकार व क्रोध की वजह से लड़ाई-झगड़े हो सकते हैं। लक्ष्य प्राप्ति के लिए किए गए प्रयासों में बाधा आ सकती है, इनसे घबराएं नहीं। मानसिक तनाव आपको परेशान कर सकता है। दोस्तों या प्रियजनों के साथ झगड़े आम हो जाने से रिश्ते बिगड़ सकते हैं। आर्थिक लिहाज़ से भी ये गोचर शुभ नहीं है। पेट की बीमारी से परेशान हो सकते हैं इसलिए संतुलित आहार खाएं व रोजाना व्यायाम करें। विपरीत लिंग के जातकों का सम्मान करें।

उपाय- रविवार के दिन तांबे का बर्तन दान दें।

वृश्चिक: सूर्य आपकी राशि से बाहरवें भाव में गोचर करेगा। इस दौरान यात्राओं के आसार हैं। व्यावसायिक कार्यों के सिलसिले में विदेश या अन्य किसी दूर जगह पर जा सकते हैं। मानसिक तनाव बहुत ज़्यादा रहेगा। गलत कार्यों की वजह से आपकी छवि धूमिल हो सकती है। पहले मन में अपनी बात को सोचें तत्पश्चात ही बोलें। ख़र्चे बढ़ते रहेंगे इसलिए इन पर पूरा नियंत्रण रखें। सेहत में गिरावट देखने को मिल सकती है। बुख़ार, शरीर में दर्द, पेट या आंतों की परेशानी व आंखों के रोग आपको परेशान कर सकते हैं।

उपाय- ॐ हिरण्यगर्भाय नमः मंत्र का उच्चारण करें।

आगे की स्लाइड में धनु और मकर राशिफल

धनु: सूर्य आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में गोचर करेगा। इससे आपको जीवन में कई फायदे होंगे। वरिष्ठ अधिकारियों, सरकारी अफसरों आदि से लाभ प्राप्त हो सकता है। अच्छी सेहत की प्राप्ति होगी और इस कारण आप जीवन में बहुत कुछ हासिल कर पाएंगे। अध्यात्म की ओर झुकाव होगा, परिवार में किसी शुभ कार्य का आयोजन भी हो सकता है। पिता के माध्यम से लाभ संभव है। करियर में बढ़ोत्तरी आपको काफी खुशी देगी। आप इस दौरान समाज के कुछ प्रख्यात लोगों से मिलेंगे जिनसे आपको आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी।

उपाय- ‘’ॐ घरिणी सूर्याय नमः’’ मंत्र का जाप करें।

मकर: सूर्य आपकी राशि दसवें भाव में गोचर करेगा। सरकारी क्षेत्रों व नीतियों से फायदा होगा। कार्यस्थल पर सम्मान बढ़ेगा जिससे सीनियर्स के साथ उठना-बैठना बढ़ जाएगा। इस दौरान महिलाओं के साथ आपकी अनबन हो सकती है इसलिए थोड़ा धैर्य से काम लें। हर बात पर उत्तेजित होना ठीक नहीं है। कुछ कारणों से निजी जीवन भी प्रभावित हो सकता है। गोचर की इस अवधि में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे।

उपाय- गाय को गुड़ खिलाएं।

आगे की स्लाइड में पढ़ें कुंभ और मीन राशिफल

कुंभ: आपकी राशि से सूर्य नौवें भाव में प्रवेश करेगा। समाज में रूतबा कम होने से आपका मन बेचैन हो सकता है। पिता के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है। पिता से मनमुटाव हो सकता है, समय रहते यदि इन गलतफ़हमियों को दूर नहीं किया तो रिश्ता ख़राब हो सकता है। धन की कमी परेशान कर सकती है। जमा की गई पूंजी से आप संतुष्ट नहीं होंगे और खामोश हो जाएंगे। झूठे आरोप राह में बाधक हो सकते हैं।

उपाय- रविवार को लाल कपड़ा दान करें।

मीन: सूर्य आपकी राशि से आठवें भाव में गोचर करेगा। इस दौरान सेहत से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में अपने स्वास्थ्य का ख़्याल रखें और पूरा इलाज करवाएं। आपके लक्ष्य में रूकावटें आ सकती हैं, ऐसे में हौसला न छोड़े और आगे बढ़ते रहें। क्रोध व विवाद से खुद को दूर रखें। मसालेदार, तैलीय व गरिष्ठ भोजन से परहेज करें। गलत कार्यों में लिप्त होने की वजह से आपकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए गलत राह पर जाने से बचें और समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए अच्छे काम करें।

उपाय- रविवार को गेहूं दान करें।

Next Story