×

Surya Grahan 2024: साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, जानिए कब होगी शुरुआत और कहां दिखेगा

Surya Grahan 2024: आज सोमवती अमावस्या भी है और इस दिन लगने वाला यह पूर्ण सूर्य ग्रहण अमेरिका सहित कई देशों में काफी देर तक दिखाई देगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 April 2024 4:12 AM GMT (Updated on: 8 April 2024 4:25 AM GMT)
Surya Grahan 2024
X

Surya Grahan 2024   (photo: social media )

Surya Grahan 2024: साल का पहला सूर्य ग्रहण आज लगने वाला है। इसे इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। करीब 50 वर्षों बाद यह सबसे लंबा लगने वाला सूर्य ग्रहण होगा और इसकी अवधि करीब 5 घंटे 25 मिनट होगी। पूर्ण सूर्य ग्रहण होने के कारण जब यह अपने चरम पर होगा तो कुछ देर के लिए पृथ्वी पर अंधेरा छा जाएगा।

हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए इसका सूतक काल भी भारत में मान्य नहीं होगा। भारत में दिखाई न देने के कारण यहां किसी भी प्रकार के प्रतिबंध भी लागू नहीं होंगे। आज सोमवती अमावस्या भी है और इस दिन लगने वाला यह पूर्ण सूर्य ग्रहण अमेरिका सहित कई देशों में काफी देर तक दिखाई देगा।

कितने बजे लगेगा सूर्य ग्रहण

यदि भारतीय समय के अनुसार देखा जाए तो आज रात नौ बजकर 12 मिनट पर सूर्य ग्रहण की शुरुआत होगी और यह मंगलवार की रात 2 बजकर 22 मिनट तक जारी रहेगा। इस सूर्य ग्रहण को काफी खास माना जा रहा है क्योंकि इस बार सूर्य ग्रहण पर 54 वर्षों बाद कई दुर्लभ संयोग भी बनेगा। इसके पहले ऐसा संयोग 1970 में बना था।

किन देशों में दिखाई देगा सूर्य ग्रहण

आज लगने वाला पूर्ण सूर्य ग्रहण अमेरिका, मैक्सिको, क्यूबा, कोस्टारिका, जमैका, डोमिनिका, आयरलैंड, फ्रेंच पोलिनेशिया, कनाडा और उत्तरी अमेरिका के कई देशों में दिखाई देगा। अमेरिका सहित कई देशों में यह सूर्य ग्रहण काफी देर तक दिखाई देगा और पूर्ण सूर्य ग्रहण होने के कारण दिन के समय ही अंधेरा छा जाएगा।दुनिया के जिन-जिन हिस्सों में यह सूर्य ग्रहण लगेगा, वहां सौर मंडल में मौजूद शुक्र और गुरु को भी देखा जा सकेगा।

क्या भारत में लागू होगा सूर्य ग्रहण का सूतक

सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा और इसलिए भारत में इसका सूतक भी नहीं लगेगा। सूर्य ग्रहण का सूतक 12 घंटे पहले ही लग जाता है और इस दौरान मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। पूजा और अन्य धार्मिक क्रियाकलाप रोक दिए जाते हैं मगर भारत में दिखाई न देने के कारण यहां किसी भी प्रकार का प्रतिबंध लागू नहीं होगा। देश के लोगों के लिए धार्मिक दृष्टिकोण से किसी भी प्रकार के प्रतिबंध का पालन करना जरूरी नहीं है।

क्या होगा सूर्य ग्रहण का असर

वैसे ज्योतिषीय दृष्टि से सूर्य ग्रहण का व्यापक असर पड़ेगा। इसके साथ ही लोगों पर भी इसका किसी न किसी रूप में प्रभाव पड़ता दिखेगा। विभिन्न लग्नों और राशियों पर भी इसका व्यापक असर पड़ेगा। जानकारों के मुताबिक देश में राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक नजरिए से भी इसका असर पड़ेगा। सूर्य ग्रहण पर आज एक साथ कई ग्रहों का संयोग भी बन रहा है। सूर्य ग्रहण पर सूर्य और चंद्रमा मीन राशि में रहकर गुरु के साथ युति बनाएंगे।

वैश्विक स्तर पर देखा जाए तो इस सूर्य ग्रहण का पूरी दुनिया में असर दिखेगा। यह सूर्य ग्रहण राजनीतिक रूप से भयंकर उथल-पुथल मचाने वाला साबित हो सकता है। शेयर बाजार और दुनिया भर की आर्थिक व्यवस्था पर भी इसका व्यापक असर दिख सकता है। युद्ध और भयंकर विस्फोट की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

देश के लोग कैसे देख सकते हैं सूर्य ग्रहण

कनाडा के ओंटारियो प्रांत के नियाग्रा क्षेत्र में सूर्य ग्रहण देखने के लिए आने वाले लोगों के स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। सूर्य ग्रहण देखने के लिए यहां 10 लाख से अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है। 1979 के बाद

ओंटारियो प्रांत में यह पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। नेशनल ज्योग्राफिक चैनल के मुताबिक सूर्य ग्रहण देखने की सबसे अच्छी जगह नियाग्रा फॉल्स है।

भारत में तो यह सूर्य ग्रहण नहीं दिखाई देगा मगर देश के लोगों को निराश होने की जरूरत नहीं है। नासा के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर देशवासी इस पूर्ण सूर्य ग्रहण को देख सकते हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story